ट्रक व्यवसायियों ने प्रदूषण रहित माल परिवहन के लिए मांगा आधारभूत ढांचा

भोपाल, 27 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)।राजधानी भोपाल में आज Zero Emission Truck (ZET) जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।  इस कार्यक्रम में ट्रक फ्लीट ऑपरेटरों, ट्रक निर्माता कंपनियों (OEMs) और वाहन वित्त प्रदाताओं ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने रेलगाडियों और नगर परिवहन की तरह राष्ट्रव्यापी माल परिवहन नेटवर्क को बैटरी चार्जिंग नेटवर्क से सुसज्जित किए जाने की आवश्यता प्रतिपादित की। उनका कहना था कि दुनिया भर में स्वच्छ ईंधन के प्रति जो जागरूकता बढ़ती जा रही है उसमें भारत का माल परिवहन भी धीरे धीरे बिजली आधारित ट्रकों की ओर मुड़ने लगा है। सरकार को इस अभियान को सफल बनाने के लिए आधारभूत ढांचा विकसित करने की पहल करनी चाहिए।

  प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वसुधा फाऊंडेशन के सीनियर पालिसी आफिसर तुषार कटियार ने बताया कि  वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत का  ट्रकिंग उद्योग ZETs के माध्यम से बदलाव के एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। बैटरी की ऊर्जा से चलने वाले इलेक्ट्रिक ट्रकों का उपयोग पहले ही बंदरगाह संचालन, खनन और सीमेंट जैसे क्षेत्रों में निश्चित मार्गों पर शुरू हो चुका है। हाईवे पर माल परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक ट्रकों की तकनीकी और व्यावसायिक व्यवहार्यता विकसित होने के साथ-साथ छोटे एवं मध्यम ट्रक फ्लीट ऑपरेटरों को सहयोग देकर देश के माल परिवहन को सस्ता बनाए जाने की दिशा में भी प्रयास चल रहे हैं।

   उन्होंने बताया कि  All India Motor Transport Congress (AIMTC) और Vasudha Foundation ने मिलकर Centre for Zero Emission Truck Transition Support (CZETTS) की स्थापना की है। CZETTS के अंतर्गत ट्रक फ्लीट ऑपरेटरों को ZETs से संबंधित वर्तमान तकनीकी, नीतिगत एवं बाजार पहलुओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान ZETs की परिचालन क्षमता एवं मौजूदा संचालन के साथ उनकी अनुकूलता, EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता, चार्जिंग में लगने वाला समय, मानव संसाधन प्रशिक्षण की आवश्यकताएं, वाहनों की शुरुआती लागत तथा वाहन वित्तपोषण जैसे विषयों पर थोक माल परिवहन से जुड़े व्यापारियों की जरूरतों और कारोबार की संभावनाओं पर देश व्यापी विचार विमर्श किया जा रहा है।

 आज के कार्यक्रम में ZETs का उपयोग कर रहे मौजूदा ऑपरेटरों ने अपने स्वामित्व एवं परिचालन अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में ट्रक फ्लीट ऑपरेटरों की प्रमुख मांगों में मानकीकृत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता, ZETs की स्वामित्व लागत को कम करने के लिए सरकारी सहयोग तथा ड्राइवरों और सर्विस वर्कफोर्स को इस बदलाव के लिए तैयार करने के लिए प्रशिक्षण सहायता जैसे विषयों पर व्यापक विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम को वसुधा फाऊंडेशन के सीनियर पालिसी आफिसर प्रकाश देव ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम में ट्रक ट्रांसपोर्ट ओनर्स वेलफेयर आर्गेनाईजेशन की ओर से सर्वश्री प्रथम डावर, हर्ष ट्रांसपोर्ट की ओर से अमित जी, आरएनडी इलेक्ट्रिक के निदेशक ध्रुव खन्ना,मध्यप्रदेश ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शर्मा समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *