Tag: #BhopalNews

  • मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    भोपाल में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन

    एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जागरूकता का संदेश, 70 संस्थानों के लगभग 1,500 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों की सहभागिता

    भोपाल, 23 नवंबर (प्रेस इन्फॉर्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में आयोजित हुआ।

    इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से मुकाबला” रखा गया। आयोजन में प्रदेश के लगभग 70 फार्मेसी शिक्षण संस्थानों से 1,200 विद्यार्थियों तथा 300 शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

    कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन तथा आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने संबोधित किया।

    कार्यक्रम के राज्य समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र जैन ने स्वागत उद्बोधन एवं आयोजन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा सह-समन्वयक डॉ. अखिलेश कुमार सिंघई ने आभार व्यक्त किया।

    उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स को अपने कार्य का निर्वहन पूरी नैतिकता और एथिक्स के साथ करना चाहिए। जिस प्रकार डॉक्टर अपने दायित्व को एथिक्स से चलाते हैं और विधि क्षेत्र के प्रोफेशनल्स अपने कार्य को नैतिक मूल्यों से चलाते हैं, उसी प्रकार यदि फार्मासिस्ट भी अपना कार्य करें तो यह प्रोफेशन भी उतना ही नोबल और सम्मानजनक है। उन्होंने कहा कि दवा केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि रोगी के जीवन से जुड़ा विश्वास है।

    खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि हम विकसित भारत का निर्माण तभी कर सकते हैं, जब हमारा समाज स्वस्थ हो। स्वस्थ समाज के लिए दवाओं का सही उपयोग, जागरूकता और फार्मासिस्टों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल डिग्री तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के स्वास्थ्य रक्षक के रूप में कार्य करें।

    पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल ने फार्मासिस्टों के रजिस्ट्रेशन के लिए सिंगल पोर्टल की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने क्लिनिकल फार्मासिस्ट के रूप में कार्य करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।

    डॉ. पटेल ने कहा कि एक फार्मासिस्ट पेशेंट काउंसलर के रूप में कार्य कर सकता है और समाज में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जैसी जटिल वैश्विक समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने राज्य फार्मेसी काउंसिल और केंद्रीय फार्मेसी काउंसिल के मिलकर कार्य करने की सराहना भी की।

    नए भवन के निर्माण के लिए आभार: डॉ. संजय जैन

    मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन ने राज्य फार्मेसी काउंसिल के नए भवन के निर्माण की घोषणा के लिए सरकार और पीसीआई को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नया भवन फार्मेसी शिक्षा, पंजीयन और व्यावसायिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

    कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण के रूप में “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित हुई।

    पैनल चर्चा के मॉडरेटर डॉ. विपिन धोटे, निदेशक, वीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। पैनलिस्ट के रूप में डॉ. राजनारायण तिवारी, निदेशक, आईसीएमआर-एनआईआरएचई, भोपाल, डॉ. विजय भार्गव, विभागाध्यक्ष, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, भोपाल, डॉ. अपूर्ब एल. कोनेर, प्रोफेसर, आईआईएसईआर, भोपाल, डॉ. संजीत सिंह लांबा, टेक्निकल कंसल्टेंट एवं एमडी, ट्रिलियम कंसल्टिंग एंड एडवाइजरी, चंडीगढ़ तथा प्रो. दीप्ति जैन, निदेशक, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, आरजीपीवी, भोपाल ने भाग लिया।

    चर्चा में विशेषज्ञों ने AMR को गहराई से समझाया। उन्होंने कहा कि आज AI का उपयोग करके पढ़े-लिखे लोग भी कई बार बिना समझे एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का उपयोग कर AMR को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। एंटीबायोटिक को सामान्य दवा समझकर लेना भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

    इस अवसर पर उपस्थित सभी बडिंग फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स ने शपथ दिलाई कि जब तक आवश्यकता न हो, तब तक वे किसी भी एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। बिना प्रिस्क्रिप्शन के एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और जन-जन को AMR के प्रति जागरूक करने के लिए जो भी संभव होगा, वह करेंगे।

    प्रो. दीप्ति जैन ने कहा कि अब समय थ्योरी से प्रैक्टिकल की ओर बढ़ने का है। एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स का उपयोग थ्योरेटिकल ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रैक्टिकल रूप से समझदारी से करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हम अपना कार्य एथिक्स और ईमानदारी से प्रैक्टिकली करें तो जनजागरण का यह कार्य न केवल AMR से बचाएगा, बल्कि नए एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स और एंटीबायोटिक्स को लंबे समय तक समाज में उपयोगी बनाए रखेगा।

    विशेषज्ञ सत्र में एम्स भोपाल के डॉ. सागर खडंगा ने भी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती पर व्याख्यान दिया। पैनल चर्चा में संक्रमण नियंत्रण, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता, फार्मा क्विज, विशेषज्ञ संवाद, प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित हुईं।

    आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आमजन को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना तथा *सुरक्षित दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका* को रेखांकित करना रहा।

    फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल का यह संयुक्त प्रयास स्वस्थ भारत के निर्माण तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जीवनरक्षक एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।

  • बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    भोपाल, 20 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के तत्वाधान में मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल की ओर से आज “स्वस्थ भारत – एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के विरुद्ध संघर्ष” थीम पर एक विशाल जन-जागरूकता फार्मा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे एवं फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित की गई इस रैली में भोपाल के लगभग 50 फार्मेसी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 2,500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। भारत के सभी प्रदेशों में इस तरह के कार्यक्रम फार्मेसी कॉलेज आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोंटू पटेल एवं उपाध्यक्ष श्री जसू चौधरजी के मार्गदर्शन में आयोजित कराए जा रहे हैं।

    रैली को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग एवं भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय, जे.पी. अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संक्षिप्त संबोधन में एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने, दवाओं के जिम्मेदार सेवन तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

    रैली प्रातः 10 बजे प्रारंभ होकर जे.पी. अस्पताल स्थित फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक निकाली गई और दोपहर 12 बजे संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से नागरिकों को बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने, निर्धारित उपचार का पालन करने तथा दवाओं के दुरुपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की छात्र-छात्राओं में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जनता को जागरूककिया।

    रैली के संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, अध्यक्ष, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, डॉ. शैलेश जैन एवं डॉ. नीरज उपमन्यु, केंद्रीय परिषद सदस्य, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली, तथा डॉ. सुरेन्द्र कुमार जैन, निदेशक, लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. उमेश कुमार जैन, डॉ. सतीश नायक एवं डॉ. ए.के. सिंघई द्वारा किया गया।

    इस भव्य आयोजन ने फार्मेसी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जन-जागरण का प्रभावशाली संदेश दिया। रैली के माध्यम से यह आह्वान किया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदार उपयोग और जनसहभागिता ही स्वस्थ भारत के निर्माण एवं भविष्य में प्रभावी उपचार की सुरक्षा का आधार है। रैली के समापन पर परिषद के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह ने आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।

  • पूरी दुनिया के लिए सफल दवाएं बनाने पर चिंतन करेंगे फार्मासिस्ट

    पूरी दुनिया के लिए सफल दवाएं बनाने पर चिंतन करेंगे फार्मासिस्ट

    भोपाल में 23 नवम्बर को राज्य स्तरीय विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का भव्य आयोजन,आज जागरूकता रैली निकाली जाएगी

    “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला” थीम पर होगा आयोजन; 1500 से अधिक फार्मेसी विद्यार्थियों सहित फार्मेसी एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विभिन्न हितधारक होंगे शामिल

    भोपाल,19 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में तथा भोपाल क्षेत्र के फार्मेसी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के सहयोग से विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह – 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन 23 नवम्बर 2026 को हंसध्वनि ऑडिटोरियम, रविन्द्र भवन, भोपाल में प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला” निर्धारित की गई है।इस आयोजन के अंतर्गत 20 नवम्बर 2026 को मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक जागरूकता रैली भी आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध, एंटीबायोटिक्स के जिम्मेदार उपयोग एवं जनस्वास्थ्य के प्रति नागरिकों को जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा।

    इस भव्य आयोजन में भोपाल क्षेत्र के विभिन्न फार्मेसी महाविद्यालयों से लगभग 1500 विद्यार्थी, 300 शिक्षकगण, 100 कार्यरत फार्मासिस्ट, 50 व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के सहभागिता करने की अपेक्षा है। कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मासिस्टों के स्वास्थ्य सेवा एवं जनस्वास्थ्य में योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) जैसी गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करना है।

    कार्यक्रम के दौरान एंटीबायोटिक्स एवं अन्य एंटीमाइक्रोबियल औषधियों के तर्कसंगत, विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण की रोकथाम, रोगी परामर्श तथा एंटीमाइक्रोबियल स्टेवार्डशिप में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया जाएगा। वर्तमान समय में एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, जिसके प्रभावी नियंत्रण हेतु चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, शिक्षाविदों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं आम नागरिकों के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

    कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, फार्मा क्विज, विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियाँ, संवादात्मक सत्र तथा समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से फार्मेसी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यावसायिक दक्षता, जिम्मेदार औषधीय व्यवहार एवं जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

    कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर जी, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग जी, आरोग्य भारती, भोपाल के डॉ. अशोक वार्ष्णेय जी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति प्रो. आलोक शर्मा, मंसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर श्री गौरव तिवारी, भोपाल नगर की महापौर श्रीमती मालती राय जी, स्वास्थ्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अपर सचिव श्री धरणेन्द्र जैन (IAS), भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के संचालक श्री मनोज पुष्प (IAS) तथा मध्यप्रदेश शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता प्रस्तावित है।

    विशेषज्ञ व्याख्यान के लिए AIIMS भोपाल के अतिरिक्त प्रोफेसर, जनरल मेडिसिन एवं उष्णकटिबंधीय तथा संक्रामक रोग संसाधन केंद्र एवं एंटी-रेट्रोवायरल केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. सागर खडंगा आमंत्रित हैं। वहीं, पैनल चर्चा में ICMR-NIRHE, भोपाल के निदेशक डॉ. राजनारायण तिवारी, जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भोपाल के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय भार्गव, IISER भोपाल के प्रोफेसर डॉ. अपूर्वा एल. कोनेर, ट्रिलियम कंसल्टिंग एंड एडवाइजरी, चंडीगढ़ के प्रबंध निदेशक डॉ. संजीत सिंह लांबा तथा राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की निदेशक प्रो. दीप्ति जैन सहित विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

    यह आयोजन फार्मेसी पेशे की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी जिम्मेदारियों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करते हुए युवा फार्मासिस्टों को राष्ट्र के स्वास्थ्य मिशन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। आयोजन समिति का मानना है कि शिक्षा, जन-जागरूकता, बहु-क्षेत्रीय सहयोग एवं जिम्मेदार औषधीय व्यवहार के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की चुनौती का प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

    कार्यक्रम का विवरण

    विवरणजानकारी
    कार्यक्रमविश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह – 2026 (राज्य स्तरीय आयोजन)
    दिनांक23 नवम्बर 2026
    स्थानहंसध्वनि ऑडिटोरियम, रविन्द्र भवन, भोपाल
    उद्घाटनप्रातः 9:30 बजे
    मीडिया संवाददोपहर 12:30 बजे
    आयोजकफार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, भोपाल
    थीमस्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला
    जागरूकता रैली20 नवम्बर 2026, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक

    मीडिया संपर्क

    डॉ. संजय कुमार जैन

    अध्यक्ष, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल

    केंद्रीय परिषद सदस्य (CC Member), फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली

    राज्य संयोजक – विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026

    मोबाइल: 9893025826

    ईमेल: jainkb1996@gmail.com

  • खरीदी पर लगाम से किसे परेशानी

    खरीदी पर लगाम से किसे परेशानी

    संजय दुबे की दोटूक चेतावनी वित्तीय अनुशासन की कसौटी, सरकारी धन की निगरानी को अफसरशाही का अपराध न बनाया जाए

    लोकतंत्र का एक दिलचस्प दृश्य मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में दिखाई दे रहा है। अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने विभागीय बैठक में स्थानीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को खरीदी में वित्तीय अनुशासन बरतने की चेतावनी क्या दी, आरोपों, प्रत्यारोपों और उपदेशों का ऐसा बाजार सज गया मानो सरकारी खजाने पर नियंत्रण लगाना ही कोई बड़ा अपराध हो। कोई पूछ रहा है कि अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई, कोई विभाग की प्रतिष्ठा पर सवाल उठा रहा है, तो कोई सरकार की कथित मिलीभगत का आरोप लगा रहा है। कुछ लोगों को यह शिकायत भी है कि पूरी जानकारियां अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। सवाल उठाना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन सवालों की आड़ में जवाबदेही से बचने की कोशिश हो तो उस पर भी सवाल उठना चाहिए।

    असल प्रश्न यह नहीं है कि संजय दुबे ने खरीदी पर सख्ती क्यों दिखाई। प्रश्न यह है कि यदि सरकारी खरीद में उपलब्ध दरों, बाजार मूल्य और वास्तविक आवश्यकता के बीच अंतर है, तो उसे दूर करने की पहल का स्वागत क्यों नहीं किया जाना चाहिए? सरकारी धन किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ठेकेदार या सेवा के नाम पर सक्रिय किसी संस्था की निजी संपत्ति नहीं है। वह जनता की गाढ़ी कमाई से बना खजाना है। उसकी प्रत्येक पाई का हिसाब मांगना प्रशासनिक अधिकार ही नहीं, सार्वजनिक दायित्व भी है।

    विभागीय खरीद से जुड़े उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश के 374 नगरीय निकायों ने तीन वर्षों में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के माध्यम से लगभग 1,134 करोड़ रुपये की खरीद की। इस खरीद में औसत दरों के आधार पर 200 से 250 करोड़ रुपये तक की संभावित बचत का अनुमान सामने आया है। इस अनुमान को अंतिम रूप से प्रमाणित बचत या सिद्ध घोटाला मान लेना उचित नहीं होगा। इसके लिए वस्तुओं की गुणवत्ता, विनिर्देश, आपूर्ति की शर्तों, बाजार दरों और भुगतान के अभिलेखों की स्वतंत्र जांच आवश्यक है। लेकिन यदि संभावित बचत इतनी बड़ी है, तो उसकी जांच और जवाबदेही तय करने से पीछे हटने का कोई औचित्य नहीं है।

    यहीं संजय दुबे की सख्ती का महत्व समझ में आता है। प्रशासनिक नेतृत्व का काम केवल बैठकों में योजनाओं की प्रगति सुनना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है। उसका काम उन प्रक्रियाओं की कमजोरियां पकड़ना भी है, जिनसे सरकारी पैसा अनावश्यक खर्च होता है। यदि किसी खरीद में कम दर पर समान गुणवत्ता का सामान उपलब्ध था, लेकिन अधिक कीमत चुकाई गई, तो यह जानना जरूरी है कि ऐसा क्यों हुआ। क्या तकनीकी विनिर्देश जरूरत से ज्यादा सीमित थे? क्या बाजार की तुलना नहीं की गई? क्या खरीद की वास्तविक आवश्यकता का आकलन कमजोर था? या फिर कहीं किसी स्तर पर मिलीभगत हुई? इन प्रश्नों के उत्तर दस्तावेज और जांच देंगे, शोर नहीं।

    लोकतंत्र की विडंबना यह है कि कार्रवाई न हो तो प्रशासन को निकम्मा कहा जाता है और कार्रवाई शुरू हो तो उसे कठोर, तानाशाहीपूर्ण या किसी के विरुद्ध अभियान बताने की कोशिश होती है। भ्रष्टाचार पर शिकायत करने वाले और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई होने पर असहज हो उठने वाले लोगों के बीच अंतर करना जरूरी है। आलोचना करने का अधिकार सबको है, लेकिन आलोचना के नाम पर जवाबदेही से बचने का अधिकार किसी को नहीं मिल सकता। जो लोग सार्वजनिक सेवा का दावा करते हैं, उनसे भी यह अपेक्षा की जानी चाहिए कि वे सरकारी खर्च में पारदर्शिता और मितव्ययिता के सिद्धांतों का समर्थन करें।

    मध्यप्रदेश में वित्तीय अनुशासन की इस पहल को व्यापक आर्थिक प्रबंधन के संदर्भ में भी देखना होगा। वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव मनीष रस्तोगी सहित वित्तीय नियंत्रण को मजबूत करने में लगे अधिकारियों की भूमिका इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि सरकार के लिए केवल अधिक राजस्व जुटाना पर्याप्त नहीं है; खर्च की गुणवत्ता सुधारना भी उतना ही जरूरी है। राजस्व बढ़ाने की हर कोशिश का लाभ तब सीमित हो जाता है, जब दूसरी ओर खरीद, निर्माण और सेवाओं के भुगतान में अनावश्यक व्यय जारी रहे। सरकार यदि एक रुपये की अतिरिक्त आय जुटाने के लिए मेहनत करती है, तो उसे यह भी देखना चाहिए कि उसी रुपये का अपव्यय न हो।

    खरीद के आंकड़ों की जांच में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल लेखा-विश्लेषण का उपयोग इस दिशा में एक उपयोगी कदम साबित हो रहा है।मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी अंशुमन राज ने अपनी इंजीनियरिंग और मशीन लर्निंग (AI) बैकग्राउंड का इस्तेमाल करके एक विशेष डेटा एनालिसिस प्रेजेंटेशन तैयार किया। इस प्रेजेंटेशन को जब नगरीय प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) संजय दुबे के सामने पेश किया गया, तो राज्य के विभिन्न नगर निकायों में चल रहे वित्तीय घोटालों की परतें खुल गईं। बड़ी संख्या में लेन-देन का विश्लेषण करके असामान्य दरों, दोहराए गए भुगतानों, संदिग्ध खरीद पैटर्न और संभावित विसंगतियों की पहचान पहले से ज्यादा आसान हो गई है,लेकिन तकनीक किसी को अपने आप दोषी घोषित नहीं करती। वह जांच के लिए संकेत देती है; अंतिम निष्कर्ष दस्तावेजों, संबंधित अधिकारियों के जवाब और निष्पक्ष परीक्षण से ही निकल पाएंगे। इसी संतुलन से वित्तीय नियंत्रण विश्वसनीय बनेगा और ईमानदार कर्मचारियों को अनावश्यक संदेह से बचाया जा सकेगा।

    इस पूरे घटनाक्रम में ईमानदार अधिकारियों की कठिनाइयों को भी समझना होगा। स्थानीय निकायों का प्रशासन केवल नियमों और फाइलों से नहीं चलता। उसे स्थानीय विधायकों, सांसदों, अन्य जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों की अपेक्षाओं के बीच भी काम करना पड़ता है। विकास कार्यों की मांग, स्थानीय जरूरतों का दबाव और निर्धारित बजट में काम पूरा करने की चुनौती हमेशा बनी रहती है। ऐसे वातावरण में नियमों के अनुसार निर्णय लेना और किसी अनुचित अपेक्षा के सामने न झुकना आसान नहीं होता। जो अधिकारी वित्तीय अनुशासन की बात करते हैं, उन्हें कई बार विरोध और व्यक्तिगत आलोचना भी झेलनी पड़ती है।

    इसलिए संजय दुबे जैसे अधिकारियों की दोटूक बात को केवल एक विभागीय चेतावनी के रूप में नहीं देखना चाहिए। यह उस प्रशासनिक संस्कृति की परीक्षा है जिसमें अधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह सरकार का पैसा बचाए, लेकिन बचत के लिए सख्ती दिखाए तो उसे अकेला छोड़ दिया जाए। यदि सरकार वास्तव में वित्तीय अनुशासन चाहती है, तो उसे नियमसम्मत निर्णय लेने वाले अधिकारियों के साथ खड़ा होना होगा। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सख्ती मनमानी न बने, किसी निर्दोष को दंडित न किया जाए और कार्रवाई राजनीतिक या व्यक्तिगत पसंद-नापसंद से प्रभावित न हो।

    आगे का रास्ता स्पष्ट है। सभी नगरीय निकायों की खरीद का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक किया जाए। बड़ी खरीद में वस्तु की मात्रा, गुणवत्ता, दर, आपूर्तिकर्ता और भुगतान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। संभावित बचत के मामलों में स्वतंत्र परीक्षण हो, अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए और वास्तविक बचत का सत्यापित हिसाब जनता के सामने रखा जाए। जिन निकायों ने नियमों के अनुरूप खरीद की है, उन्हें भी प्रमाण और प्रक्रिया के आधार पर स्पष्ट रूप से अलग रखा जाए। पारदर्शिता का अर्थ केवल आरोप सार्वजनिक करना नहीं, बल्कि निष्कर्ष और कार्रवाई का पूरा विवरण सामने लाना है।

    सरकारी धन बचाने की कोशिश को विवाद का विषय बनाने के बजाय प्रशासनिक सुधार का अवसर बनाया जाना चाहिए। संजय दुबे की चेतावनी का मूल्य इस बात से तय होगा कि उसके बाद खरीद व्यवस्था कितनी पारदर्शी होती है, संभावित बचत का कितना हिस्सा वास्तव में हासिल होता है और जिम्मेदार लोगों पर नियमसम्मत कार्रवाई कितनी निष्पक्षता से होती है। यही कसौटी वित्तीय प्रबंधन की सफलता भी तय करेगी।अब तक जो कार्रवाई की गई है उससे शासन और प्रशासन की मंशा साफ नजर आ रही है। सरकार चाहती है कि स्थानीय सरकारें अपना दायित्व निभाएं और कमाऊ पूत न भी बन पाएं तो कम से कम सरकार पर बोझ तो न बनें।

    आखिरकार, जनता को सरकार से केवल घोषणाएं और विकास के दावे नहीं चाहिए। उसे यह भरोसा भी चाहिए कि उसकी कमाई से जमा हुआ पैसा जरूरत के अनुसार, उचित दर पर और पूरी जवाबदेही के साथ खर्च हो रहा है। यदि इस उद्देश्य से खरीदी पर नियंत्रण लगाया जा रहा है, तो उसका समर्थन होना चाहिए। सरकारी खजाने की रखवाली करने वाले अधिकारी से यह सवाल जरूर पूछा जाए कि उसने क्या बचाया, कैसे बचाया और किस आधार पर बचाया; लेकिन केवल इसलिए उसे कटघरे में खड़ा करना कि उसने खर्च पर सवाल उठा दिया, वित्तीय अनुशासन के साथ अन्याय होगा।

  • नगर सरकार के कुशासकों को कड़ा संदेश

    नगर सरकार के कुशासकों को कड़ा संदेश

    Writing

    ₹1,134 करोड़ की खरीद में ₹200 से ₹250 करोड़ बचाने की संभावना, शहरों से गांवों तक वित्तीय अनुशासन की चुनौती

    भोपाल22 अक्टूबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर) मध्यप्रदेश पर बढ़ते कर्ज और सीमित राजस्व के बीच स्थानीय निकायों के खर्च का तरीका सवालों के घेरे में है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने आधुनिक अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर के जरिए सामने आए खरीद के मूल्य-अंतर पर निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को चेतावनी दी है। विभागीय विश्लेषण के अनुसार, प्रदेश के 374 नगरीय निकायों ने तीन वर्षों में सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) से करीब 1,134 करोड़ रुपये की खरीद की। समान वस्तुओं की औसत दरों के आधार पर इसमें 200 से 250 करोड़ रुपये तक बचत की संभावना जताई गई है।

    विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, कुछ निकायों में कचरा वाहन लगभग दो लाख रुपये में खरीदे गए, जबकि दूसरे निकाय में अतिरिक्त डस्टबिन सहित ऐसे वाहन करीब छह लाख रुपये में खरीदे गए। एलईडी लाइट की खरीद दरों में भी 306 रुपये से लेकर 11,800 रुपये तक का अंतर सामने आया। इन कीमतों की तुलना करते समय वस्तु की गुणवत्ता, तकनीकी विनिर्देश और आपूर्ति की शर्तों में ् पाया गया है। मूल्य-अंतर अपने आप में भ्रष्टाचार का प्रमाण नहीं, लेकिन जांच की ठोस वजह जरूर है।

    मध्यप्रदेश के 2026-27 के बजट में राज्य की बकाया देनदारियां सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) के 32.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। राज्य का राजकोषीय घाटा करीब 71,458 करोड़ रुपये और ब्याज भुगतान 33,700 करोड़ रुपये से अधिक के स्तर पर है। ऐसे में सरकारी खरीद में अनावश्यक खर्च रोकना और उपलब्ध धन का बेहतर उपयोग करना बेहद जरूरी हो जाता है।

    खरीद में संभावित 200 से 250 करोड़ रुपये की बचत का अर्थ केवल सरकारी खजाने पर बोझ कम करना नहीं है। इतनी राशि से सफाई, सड़क, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी नागरिक सुविधाओं पर अधिक प्रभावी खर्च किया जा सकता है। सवाल यह है कि जब राज्य आर्थिक दबाव में है, तब स्थानीय निकायों की खरीद में इतनी बड़ी कीमतों का अंतर कैसे पैदा हुआ?

    नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के पास संपत्ति कर, जल शुल्क, दुकानों के किराये और अन्य स्थानीय शुल्क से आय जुटाने के साधन हैं। इसके बावजूद कई निकायों की वित्तीय स्थिति में सुधार की जरूरत बनी हुई है।

    भारतीय रिजर्व बैंक की नगर निगम वित्त संबंधी रिपोर्ट भी देश के अनेक नगर निगमों में स्वयं के राजस्व की सीमित क्षमता और सरकारी अनुदान पर निर्भरता की समस्या रेखांकित करती है।

    समस्या केवल शहरों तक सीमित नहीं है। CAG की मध्यप्रदेश के स्थानीय निकायों पर 2023 की रिपोर्ट में 11,726 लंबित ऑडिट टिप्पणियों और 2,693 निरीक्षण रिपोर्टों का उल्लेख किया गया था। इसी रिपोर्ट के अनुसार, निर्धारित 91,236 सामाजिक अंकेक्षणों में से 36,995 ही किए गए थे। ये पुराने आंकड़े हैं, लेकिन ग्रामीण स्थानीय शासन में लेखा-परीक्षा और सामाजिक अंकेक्षण की अहमियत बताते हैं।

    पंचायतों में भी जरूरी है कि विकास कार्यों पर खर्च हुई राशि का हिसाब, काम की गुणवत्ता और वास्तविक लाभ का आकलन हो। शहरों में महंगी खरीद और गांवों में अधूरे काम—दोनों ही स्थितियों में जनता के धन के उपयोग पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

    आधुनिक सॉफ्टवेयर खरीद की असामान्य दरों और संदिग्ध भुगतान की पहचान कर सकता है, लेकिन वास्तविक सुधार के लिए जांच, वसूली और जिम्मेदारी तय करना आवश्यक है।एआई टूल्स की मदद से न केवल गड़बड़ियां पकड़ी जा सकती हैं बल्कि गड़बड़ियों को रोकने का वैकल्पिक रोडमैप भी बनाया जा सकता है।

    मध्यप्रदेश में स्थानीय शासन की असली कसौटी बजट खर्च करना नहीं, बल्कि उस खर्च से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है। बढ़ते कर्ज के दौर में हर रुपये का हिसाब जरूरी है। यदि खरीद में बचत संभव थी, तो उसकी अनदेखी क्यों हुई; और यदि गड़बड़ी मिली है, तो कार्रवाई कब होगी? इन सवालों के जवाब ही तय करेंगे कि यह चेतावनी व्यवस्था में सुधार लाएगी या केवल एक प्रशासनिक निर्देश बनकर रह जाएगी।

  • सैटेलाइट सर्वे ने दबोचा तो समितियां हथियाने लगा भू माफिया

    सैटेलाइट सर्वे ने दबोचा तो समितियां हथियाने लगा भू माफिया

    सरकारी जमीन की सुरक्षा, गरीबों को न्याय और राजस्व वृद्धि—तीनों मोर्चों पर प्रशासनिक सुधार लागू कर रहीं हैं कमिश्नर निधि निवेदिता

    भोपाल, 17 अक्टूबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। सेटेलाईट सर्वे से अब मध्यप्रदेश के राजस्व प्रशासन की गड़बड़ियां उजागर होने लगी हैं। इससे घबराकर भू माफिया ने सामाजिक समितियों को हथियाना शुरु कर दिया है ताकि शासन पर दबाव बनाने के लिए प्रतिष्ठित लोगों की भीड़ की आड़ में छुपा जा सके।हाल ही में मोहन यादव सरकार ने मोदी सरकार की प्रतिष्ठित स्वामित्व योजना को लागू करने का दबाव बनाया तो पटवारियों की हड़ताल भी इसी भू माफिया की रणनीती का ही कदम बताया जा रहा है।हालांकि राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी कर्मचारी के भ्रष्टाचार की शिकायत मिली तो उन्हें सस्पेंड करके काम से हटा दिया जाएगा।

    राजस्व आयुक्त निधि निवेदिता की सक्रियता से पटवारियों और शासन के बीच चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया है।स्वामित्व योजना पर काम भी शुरु हो गया है लेकिन जमीनी अमले की कहानियां आज भी जन असंतोष की वजह को साफ उजागर कर रहीं हैं।सूत्रों का कहना है कि राजस्व प्रशासन के कुछ लोगों ने नेताओं,अफसरों,व्यापारियों और दबंगों की काली कमाई को छुपाने के लिए बड़ी संख्या में जमीनों के दस्तावेज छुपा रखे हैं। इसके एवज में प्रशासन में बैठे जमीनी राजस्व अमले ने कथित तौर पर भारी अग्रिम ले रखा है।यही वजह है कि वे पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की दिशा में अड़ंगे लगा रहे हैं।

    हाल ही में भोपाल की मलाईदार तहसील में पदस्थ एक महिला पटवारी की काली कमाई को लेकर जो परचा बंटा है उससे भू माफिया की इन गतिविधियों का पता चल रहा है।ये महिला पटवारी इन दिनों भू माफिया के प्रतिनिधियों के साथ एक समाज की समिति को हथियाने के लिए तरह तरह के षड़यंत्र रच रही है। ये संस्था भू राजस्व अमले से जुड़े एक विशेष समाज के प्रतिनिधियों ने केवल सामाजिक उद्देश्यों के लिए बनाई थी।अब इस समिति का इस्तेमाल ये भू माफिया राजस्व विभाग और सरकार पर दबाव के लिए इस्तेमाल करना चाह रहा है।इसके लिए ये पटवारी अब भू माफिया के साथ मिलकर संस्था बनाने वाली निर्वाचित अध्यक्ष को ही हटाने का षड़यंत्र रच रही है।

     दरअसल सेटेलाईट सर्वे ने जमीन के हर इंच टुकड़े की असलियत उजागर कर दी है। जिन भूखंडों को सरकारी रिकार्ड में खाली प्लाट दिखाया गया था उन पर बड़े बड़े शापिंग माल खड़े नजर आ रहे हैं। जो मकान रहवासी बताए गए थे वहां फैक्टरियां चल रहीं हैं। सरकारी रिकार्ड को झांसा देने के बदले अमले के कुछ अधिकारियों ने करोड़ों की दौलत जुटा ली है। भोपाल की जिस पटवारी का हवाला दिया जा रहा है उसने पति की मौत के बाद अनुकंपा नौकरी पाई थी पर लगभग दस करोड़ रुपयों से ज्यादा की दौलत जुटाकर गुलछर्रे उड़ा रही है।

    वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में स्टांप ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क से ₹19,112 करोड़ और भू-राजस्व से ₹877 करोड़ की प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है। यानी इन दो मदों से लगभग ₹19,989 करोड़ जुटाने का अनुमान है। लेकिन यह आंकड़ा अपने आप में राजस्व प्रशासन की पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। सैटेलाइट सर्वे और भू-अभिलेखों के डिजिटल मिलान से जमीन के वास्तविक उपयोग, दर्ज रकबे और सरकारी रिकॉर्ड के बीच खासा अंतर पाया गया है। सवाल है कि ऐसी विसंगतियों पर जमीनी अमला कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है? यदि किसी सरकारी जमीन पर व्यावसायिक गतिविधि चल रही है, किसी भूखंड का उपयोग बदल चुका है या देय प्रीमियम और भू-भाटक वर्षों से जमा नहीं हुआ, तो उसकी पहचान कर नियमानुसार वसूली करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

    विडंबना यह है कि आम नागरिक को सहज नामांतरण, सीमांकन और रिकॉर्ड दुरुस्ती के लिए भी बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पटवारी से लेकर नायब तहसीलदार और तहसीलदार तक की जवाबदेही तय होती है पर उन्होंने आर सी एम एस पोर्टल को झांसा देने की तरकीबें खोज ली हैं। जनता को परेशान करने वाली व्यवस्था राजस्व बढ़ाने के मामले में सुस्त चल रही है इसलिए उसकी समीक्षा भी की जा रही है।

    गरीबों की जमीन पर दबाव, धोखाधड़ी या अवैध कब्जे के जरिए प्रभावशाली लोगों के लाभ कमाने की शिकायतें भी गंभीर हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच, स्वामित्व अभिलेखों का सत्यापन और दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई शुरु हो गई है। सत्ता में आने के पहले से भाजपा सरकार भूमि सुधारों की बात करती रही है। सेटेलाईट सर्वे के आधार पर वह जिला वार आडिट करा रही है। सरकारी जमीन, अवैध उपयोग, बकाया भू-भाटक, कम मूल्यांकन और लंबित नामांतरण का सार्वजनिक डैशबोर्ड बनाया जा रहा है। प्रत्येक तहसील के लिए वसूली लक्ष्य के साथ नागरिक सेवाओं की समय-सीमा भी तय की जा रही है।

    राजस्व विभाग का उद्देश्य केवल जनता से वसूली करना नहीं, बल्कि सरकारी संपत्ति की रक्षा और नागरिकों को न्याय देना भी है। जब तक इन दोनों जिम्मेदारियों की जवाबदेही एक साथ तय नहीं होगी, तब तक राजस्व वृद्धि के लक्ष्य अधूरे और सुधार के दावे खोखले बने रहेंगे।

  • रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या किस उद्योगपति ने कराई

    रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या किस उद्योगपति ने कराई

    भोपाल 05 अक्टूबर (प्रेस इंफार्मेशन सेंटर) सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामला केवल लूट के लिए हत्या तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। पुलिस की प्राथमिक जांच में केयरटेकर वरुण कुमार मुख्य संदेही है और वारदात के बाद उसके लगातार ठिकाने बदलने, मृतक का मोबाइल आगरा में मिलने, घर में गैस फैलाने की कोशिश और अग्रवाल से जुड़े करीब पांच करोड़ रुपये के पुराने वित्तीय विवादों ने जांच के कई रास्ते खोल दिए हैं।उनकी नौकरी के दौरान उन्होंने जिन प्रोजेक्ट पर काम किया उनसे जुड़े लोगों से भी जानकारी बटोरी जा रही है। हालांकि हत्या का अंतिम मकसद अभी पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया है।

    30 सितंबर की रात सूरज नगर स्थित घर में राकेश अग्रवाल की हत्या हुई। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार धारदार सर्जिकल ब्लेड से उनका गला काटा गया। घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस का अनुमान है कि वारदात उस समय हुई जब अग्रवाल सो रहे थे। हत्या के बाद घर की अलमारियों के ताले टूटे मिले। परिवार की ओर से सोने की चेन, अंगूठियां, महंगी घड़ियां, नकदी और मोबाइल सहित सामान गायब होने की जानकारी दी गई। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या के साथ लूट/डकैती के कोण से भी जांच शुरू की।

    घटना के बाद सबसे महत्वपूर्ण सुराग केयरटेकर वरुण कुमार का गायब होना है। वह हत्या से करीब तीन दिन पहले ही एक निजी एजेंसी के माध्यम से अग्रवाल के घर काम पर आया था। वारदात के बाद वह घर से निकला और सीसीटीवी फुटेज में बैग के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उसके भागने का रूट तैयार किया है। ताजा जांच में उसकी गतिविधियां आगरा और फिर मथुरा-वृंदावन क्षेत्र तक पहुंची हैं। 5 अक्टूबर को पुलिस ने उसकी तलाश के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया और मध्यप्रदेश सहित पांच राज्यों में टीमें लगाई हैं।

    वरुण के भागने के दौरान मृतक का मोबाइल भी उसके साथ था। मोबाइल बाद में आगरा में मिला। वहां जिस युवक के पास फोन मिला, उसने पुलिस को बताया कि उसे मोबाइल रास्ते में पड़ा मिला था। पुलिस यह पता लगा रही है कि फोन वरुण से उस युवक तक कैसे पहुंचा। एक जांच कोण यह भी है कि वरुण ने फोन बेच दिया हो या किसी परिचित को दे दिया हो। मोबाइल की तकनीकी जानकारी और वरुण के पुराने नंबरों की गतिविधियों से उसके भागने की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

    हत्या के बाद घर में गैस फैलने की घटना ने भी जांच को महत्वपूर्ण दिशा दी है। पुलिस के अनुसार रसोई में गैस सिलेंडर की पाइप लाइन अलग की गई थी और गैस हवा में फैल रही थी। पास में गर्म इलेक्ट्रिक प्रेस रखे जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद घर में आग लगाकर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की गई। यह बिंदु इस बात की जांच को महत्वपूर्ण बनाता है कि वारदात के बाद आरोपी केवल भागना चाहता था या घटनास्थल के सबूत मिटाने की भी योजना थी।

    जांच का एक दूसरा और महत्वपूर्ण सिरा अग्रवाल से जुड़े पुराने आर्थिक विवादों तक पहुंचा है। पुलिस को करीब पांच करोड़ रुपये से जुड़े दो मामलों की जानकारी मिली है। इनमें एक मामला करीब एक करोड़ रुपये का है, जिसमें गुरुग्राम निवासी अजीत पाटनी के खिलाफ अग्रवाल ने शिकायत की थी। आरोप था कि कंपनी में निवेश और बेहतर रिटर्न का भरोसा देकर उनसे रकम ली गई। दूसरा मामला करीब चार करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा बताया गया है, जिसमें अवधेश दुबे का नाम सामने आया है। दोनों मामले न्यायिक प्रक्रिया में बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन मामलों के दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन और संबंधित लोगों से अग्रवाल के संपर्क की जांच कर रही है।

    इन आर्थिक विवादों को लेकर फिलहाल पुलिस ने हत्या से कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं किया है। लेकिन जांच में इनका सामने आना महत्वपूर्ण है। पुलिस पिछले एक वर्ष के दौरान अग्रवाल के संपर्कों, फोन रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और निवेश संबंधी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। यही जांच यह स्पष्ट कर सकती है कि इन पुराने विवादों का हत्या से कोई संबंध था या वे केवल अलग-अलग मामले थे।

    जांच में सुपारी या पहले से योजना बनाकर हत्या किए जाने की संभावना की भी चर्चा हुई है। इसका आधार यह है कि वरुण को घर के अंदर की व्यवस्था और अग्रवाल की दिनचर्या की जानकारी बहुत कम समय में हो गई थी तथा हत्या के बाद उसने सामान लेकर भागने और कथित तौर पर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया। कुछ रिपोर्टों में पुलिस के हवाले से यह भी कहा गया है कि उसके आने से पहले घर की रेकी की गई थी या हत्या की योजना पहले से हो सकती थी। हालांकि इस कोण की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस ने किसी कथित सहयोगी या सुपारी देने वाले व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

    एक और महत्वपूर्ण सवाल केयरटेकर एजेंसी की भूमिका का है। वरुण को वर्मा होम हेल्थ केयर एजेंसी के माध्यम से काम पर भेजा गया था। जांच में एजेंसी के संचालन, वरुण के दस्तावेज और उसके पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया की पड़ताल की जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी के पास वरुण का आधार, पैन और चरित्र प्रमाणपत्र था, लेकिन पंजाब के नाभा थाने से जारी चरित्र प्रमाणपत्र की वैधता 1 मई 2025 को समाप्त हो चुकी थी और भोपाल में नया पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। एजेंसी के संचालन और पंजीयन को लेकर भी सवाल उठे हैं।

    पुलिस अब तक परिवार, घरेलू सहायकों, ड्राइवरों, माली, सफाईकर्मियों और अन्य लोगों सहित करीब 15 व्यक्तियों के बयान दर्ज कर चुकी है। वरुण के पिता, बहन और परिचितों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस उसके पुराने मोबाइल नंबरों और डिजिटल संपर्कों को खंगाल रही है। ताजा जांच में यह भी सामने आया है कि उसके पुराने मोबाइल नंबर दोबारा सक्रिय हुए हैं, जिससे पुलिस उसके संपर्कों और संभावित मददगारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

    इस हत्याकांड में अभी कई सवालों के जवाब बाकी हैं। क्या हत्या का उद्देश्य केवल लूट था? क्या आर्थिक विवादों का इससे कोई संबंध है? क्या वरुण ने अकेले वारदात की या किसी की मदद ली? आगरा में मिला मोबाइल वहां तक कैसे पहुंचा? गैस छोड़ने का उद्देश्य वास्तव में साक्ष्य मिटाना था या कोई दूसरा कारण था? और सबसे महत्वपूर्ण, वरुण को अग्रवाल के घर भेजने से पहले उसका सत्यापन किस स्तर पर हुआ था?

    फिलहाल पुलिस की तलाश वरुण कुमार पर केंद्रित है। उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सूरज नगर की इस वारदात के पीछे लूट, व्यक्तिगत विवाद, पहले से रची गई योजना या किसी अन्य कारण की भूमिका थी। पांच करोड़ रुपये के पुराने वित्तीय विवाद और केयरटेकर की संदिग्ध गतिविधियां जांच के महत्वपूर्ण बिंदु जरूर बन गई हैं, लेकिन इनके बीच संबंध स्थापित होना अभी बाकी है।

  • नया भोपाल बनाने का मसौदा जारी

    नया भोपाल बनाने का मसौदा जारी


    मास्टर प्लान पर नागरिकों से सुझाव आमंत्रित

    भोपाल 26 सितंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि श्री गणेश अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर एक लंबे अंतराल के बाद भोपाल विकास योजना-2047 (मास्टर प्लान) के प्रारूप (ड्रॉफ्ट) का प्रकाशन कर दिया गया है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कैपिटल सिटी की यह विकास योजना (मास्टर प्लान) भोपाल की प्राकृतिक धरोहर- भोजताल, वन क्षेत्रों एवं बाघ भ्रमण क्षेत्र के संरक्षण के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम मोबिलिटी और आर्थिक विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दृष्टि से तैयार की गई है। इस विकास योजना में हरित टीडीआर का बेहतर प्रावधान किया गया है, इससे हरित क्षेत्र में आने वाली भूमि के स्वामियों की क्षतिपूर्ति के साथ विकासकर्ताओं को टीडीआर के जरिए अतिरिक्त विकास की सुविधा भी मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध, सुगम, सुरक्षित और विकसित भोपाल के संकल्प की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भोपाल विकास योजना के प्रकाशित प्रारूप पर नागरिकगण अपनी आपत्ति एवं सुझाव दे सकते हैं।

    भोपाल मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट के हैं चार प्रमुख स्तंभ

    प्रकाशित भोपाल मास्टर प्लान का ड्रॉफ्ट सतत् विकास, समावेशी शहर और समृद्ध भविष्य की संकल्पना से अभिप्रेरित है। इसकी कोर थीम हरित भोपाल, समृद्ध भोपाल और विकसित भोपाल रखी गई है। इस मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट के चार प्रमुख आधार स्तंभ रखे गए हैं। इसमें पहला प्राकृतिक पारिस्थितिकीय तंत्र के संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। इसके बाद दूसरा आधुनिक दृष्टिकोण एवं नागरिक हितैषी नियोजन पर बल दिया गया है। तीसरा सुधारोन्मुख एवं परिवर्तनकारी नियोजन को भी केन्द्रीय लक्ष्य (कोर टारगेट) में रखा गया है। चौथा इस मास्टर प्लान को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाले सतत् विकास की अवधारणा पर केन्द्रित किया गया है।

    भोपाल मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट की प्रमुख विशेषताएं

    • प्राकृतिक संवेदनशीलता सम्मत नियोजन इस मास्टर प्लान की प्रमुख विशेषता है।
    • आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन सम्बन्धी प्रस्ताव।
    • महानगरीय अवधारणा के अनुरूप प्रस्ताव।
    • ग्रोथ कॉरिडोर के माध्यम से शहर का आर्थिक विकास।
    • राज्य की टीओडी नीति के अनुरूप मिश्रित भूमि उपयोग का प्रस्ताव।
    • असीमित एफएआर एवं भवन ऊंचाई।
    • विकास मापदंडों का सरलीकरण एवं युक्तियुक्तकरण।
    • मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट में शहर के हरित क्षेत्र को 16 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया गया है।
    • विकास योजना के क्रियान्वयन के लिए पूंजी संग्रहण की समुचित व्यवस्था।
    • क्रिएटिव री-डेवलपमेंट के माध्यम से पुनर्विकास।
    • अफोर्डेबल हाउसिंग को प्रोत्साहन दिया गया है।
    • हरित टीडीआर के प्रावधान भी किए गए हैं।
    • मास्टर प्लान के क्रियान्वयन का प्रभावी पर्यवेक्षण भी सुनिश्चित किया गया है।
    • मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट में सुरक्षित शहर (सेफ सिटी) के सभी प्रावधान भी किए गए हैं।
    • पार्किंग प्रोत्साहन संबंधी प्रावधान भी किए गए हैं।
    • निजी विकासकर्ताओं द्वारा विकास योजना की मांगों का क्रियान्वयन भी तय किया गया है।
    • मास्टर प्लान ड्रॉफ्ट में भोपाल को इकाई सिटी (EKAI – एज्युकेशन, नॉलेज एंड आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस सिटी) के रूप में डेवलप करने के लिए भी समुचित प्रस्ताव/प्रविधान किए गए हैं।