भोपाल, 10 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जंयती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ को लेकर पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 को खण्डवा में बड़े आयोजन किए जाएंगे। जनजातीय समाज को सम्मान देकर भाजपा ने जो कहा था करके दिखाया है। भाजपा ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज में राजनैतिक नेतृत्व विकसित किया है। भाजपा की जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता सरकार की योजनाओं में स्पष्ट दिख रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अलख जगाई है। 25 वर्ष की आयु में आदिवासी अस्मिता को बचाने और देश को आजादी दिलाने के लिए अपना बलिदान देने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ मनाया जाएगा। इस सप्ताह के तहत भाजपा संगठन समाज और सरकार के साथ मिलकर जनजातीय नायकों के समाज में योगदान, गौरवशाली विरासत, लोककला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भाजपा प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सांस्कृतिक जुलूस निकालेगी।
भाजपा संगठन और सरकार के कार्यों के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता सामने रखती है- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सोच व समाज के प्रति प्रतिबद्धता संगठन और सरकार की योजनाओं में दिखाई देती है, वहीं कांग्रेस ने जनजातीय समाज को कभी सम्मान नहीं दिया। भाजपा शासन की योजनाओं और संगठन के कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सामने रखती है। मध्यप्रदेश देश में सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाले राज्यों में शामिल है। भाजपा ने मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज में अपना राजनीतिक नेतृत्व भी विकसित किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में मध्यप्रदेश से जनजातीय समाज के दो मंत्री श्री दुर्गादास उइके एवं श्रीमती सावित्री ठाकुर हैं। मध्यप्रदेश सरकार में जनजातीय समाज से श्रीमती निर्मला भूरिया, श्रीमती संपतिया उइके, श्री विजय शाह, श्री नागर सिंह चौहान एवं श्रीमती राधा सिंह मंत्री हैं। भगवान बिरसा मुंडा को एक आदर्श जननायक के रूप में देश भर में प्रतिष्ठित करने का प्रयास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस को मनाने के साथ भाजपा संगठन और सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री जी के विचार को आगे बढ़ाते हुए यह कल्पना की गई है कि हमारे नायकों और आदिवासी जननायकों को उनके नाम, उनकी जयंती और उनके बलिदान दिवस के माध्यम से स्मरण किया जाए। भारत में जयंती मनाकर उनके योगदान को स्मरण करना देश की संस्कृति का हिस्सा है। हम इसे कभी समाजों को अलग-अलग करके नहीं देखते। उन्होंने कहा कि हमारा जनजातीय समाज इतना बड़ा है, उसका योगदान बहुत व्यापक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार एवं 16 नवंबर को खण्डवा में बडे़ आयोजन करेगी। प्रदेश के सभी जनजातीय विकासखण्डों में स्थित विभाग के विद्यालयों, छात्रावासों में छात्रों को भगवान बिरसा मुंडा के साथ जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की जानकारी दी जाएगी। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय विद्यालयों में जनजातीय नायकों के योगदान विषय पर सांस्कृतिक, साहित्यिक कार्यक्रम तथा जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 18 से 20 नवंबर तक प्रदेश के सभी जनजातीय विकासखंड स्तर पर चयनित ग्रामों में जनजातीय गौरव चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें जनजातीय समाज के जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल होंगे। 15 नवंबर को सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। मध्यप्रदेश सरकार भाजपा संगठन और समाज के साथ मिलकर कई कार्यक्रम करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से हम जनजातीय समाज और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और जननायकों के योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा-श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ‘जनजातीय गौरव सप्ताह‘ के तहत भाजपा जनजातीय नायकों के संघर्ष, योगदान और बलिदान को विभिन्न आयोजनों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजों और मिशनरियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अलख जगाई है। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजों के खिलाफ नहीं था, बल्कि जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था। छोटा नागपुर क्षेत्र में जनजातीय भूमि को गैर-जनजातीय लोगों द्वारा कानूनी अनुमति के बिना खरीदने पर रोक लगाने वाले भूमि संरक्षण कानून के निर्माण में उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनका संदेश ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज‘ अर्थात हमारा देश, हमारा शासन, जनजातीय स्वाभिमान और अधिकारों की भावना का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां जनजातीय आबादी बड़ी संख्या में निवास करती है। ऐसे में प्रदेश के लिए जनजातीय गौरव दिवस का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान और अधिकार देने के लिए ऐतिहासिक पहल हुई हैं। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। मध्यप्रदेश सरकार ने भी रानी दुर्गावती, शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी कमलापति जैसे जननायकों के योगदान को सम्मान देने का कार्य किया है। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन इसका उदाहरण है।
प्रदेशभर में निकलेंगी भव्य सांस्कृतिक रैलियां
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी भव्य सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी। इसके साथ ही भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों एवं जननायकों के नाम किए जाएंगे। प्रदेश सरकार इस दौरान किसी महत्वपूर्ण स्थान का नामकरण भी जनजातीय जननायक के नाम पर करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि 12 और 13 नवंबर को जिलों में कार्यक्रमों की रूपरेखा और बैठकों के माध्यम से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान तथा दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम होंगे। 16 और 17 नवंबर जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा जनजाति गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज टेकाम एवं पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री बृजगोपाल लोया उपस्थित रहे।

Leave a Reply