Month: November 2026

  • मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    भोपाल में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन

    एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जागरूकता का संदेश, 70 संस्थानों के लगभग 1,500 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों की सहभागिता

    भोपाल, 23 नवंबर (प्रेस इन्फॉर्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में आयोजित हुआ।

    इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से मुकाबला” रखा गया। आयोजन में प्रदेश के लगभग 70 फार्मेसी शिक्षण संस्थानों से 1,200 विद्यार्थियों तथा 300 शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

    कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन तथा आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने संबोधित किया।

    कार्यक्रम के राज्य समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र जैन ने स्वागत उद्बोधन एवं आयोजन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा सह-समन्वयक डॉ. अखिलेश कुमार सिंघई ने आभार व्यक्त किया।

    उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स को अपने कार्य का निर्वहन पूरी नैतिकता और एथिक्स के साथ करना चाहिए। जिस प्रकार डॉक्टर अपने दायित्व को एथिक्स से चलाते हैं और विधि क्षेत्र के प्रोफेशनल्स अपने कार्य को नैतिक मूल्यों से चलाते हैं, उसी प्रकार यदि फार्मासिस्ट भी अपना कार्य करें तो यह प्रोफेशन भी उतना ही नोबल और सम्मानजनक है। उन्होंने कहा कि दवा केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि रोगी के जीवन से जुड़ा विश्वास है।

    खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि हम विकसित भारत का निर्माण तभी कर सकते हैं, जब हमारा समाज स्वस्थ हो। स्वस्थ समाज के लिए दवाओं का सही उपयोग, जागरूकता और फार्मासिस्टों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल डिग्री तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के स्वास्थ्य रक्षक के रूप में कार्य करें।

    पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल ने फार्मासिस्टों के रजिस्ट्रेशन के लिए सिंगल पोर्टल की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने क्लिनिकल फार्मासिस्ट के रूप में कार्य करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।

    डॉ. पटेल ने कहा कि एक फार्मासिस्ट पेशेंट काउंसलर के रूप में कार्य कर सकता है और समाज में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जैसी जटिल वैश्विक समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने राज्य फार्मेसी काउंसिल और केंद्रीय फार्मेसी काउंसिल के मिलकर कार्य करने की सराहना भी की।

    नए भवन के निर्माण के लिए आभार: डॉ. संजय जैन

    मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन ने राज्य फार्मेसी काउंसिल के नए भवन के निर्माण की घोषणा के लिए सरकार और पीसीआई को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नया भवन फार्मेसी शिक्षा, पंजीयन और व्यावसायिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

    कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण के रूप में “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित हुई।

    पैनल चर्चा के मॉडरेटर डॉ. विपिन धोटे, निदेशक, वीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। पैनलिस्ट के रूप में डॉ. राजनारायण तिवारी, निदेशक, आईसीएमआर-एनआईआरएचई, भोपाल, डॉ. विजय भार्गव, विभागाध्यक्ष, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, भोपाल, डॉ. अपूर्ब एल. कोनेर, प्रोफेसर, आईआईएसईआर, भोपाल, डॉ. संजीत सिंह लांबा, टेक्निकल कंसल्टेंट एवं एमडी, ट्रिलियम कंसल्टिंग एंड एडवाइजरी, चंडीगढ़ तथा प्रो. दीप्ति जैन, निदेशक, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, आरजीपीवी, भोपाल ने भाग लिया।

    चर्चा में विशेषज्ञों ने AMR को गहराई से समझाया। उन्होंने कहा कि आज AI का उपयोग करके पढ़े-लिखे लोग भी कई बार बिना समझे एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का उपयोग कर AMR को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। एंटीबायोटिक को सामान्य दवा समझकर लेना भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

    इस अवसर पर उपस्थित सभी बडिंग फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स ने शपथ दिलाई कि जब तक आवश्यकता न हो, तब तक वे किसी भी एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। बिना प्रिस्क्रिप्शन के एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और जन-जन को AMR के प्रति जागरूक करने के लिए जो भी संभव होगा, वह करेंगे।

    प्रो. दीप्ति जैन ने कहा कि अब समय थ्योरी से प्रैक्टिकल की ओर बढ़ने का है। एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स का उपयोग थ्योरेटिकल ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रैक्टिकल रूप से समझदारी से करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हम अपना कार्य एथिक्स और ईमानदारी से प्रैक्टिकली करें तो जनजागरण का यह कार्य न केवल AMR से बचाएगा, बल्कि नए एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स और एंटीबायोटिक्स को लंबे समय तक समाज में उपयोगी बनाए रखेगा।

    विशेषज्ञ सत्र में एम्स भोपाल के डॉ. सागर खडंगा ने भी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती पर व्याख्यान दिया। पैनल चर्चा में संक्रमण नियंत्रण, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता, फार्मा क्विज, विशेषज्ञ संवाद, प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित हुईं।

    आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आमजन को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना तथा *सुरक्षित दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका* को रेखांकित करना रहा।

    फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल का यह संयुक्त प्रयास स्वस्थ भारत के निर्माण तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जीवनरक्षक एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।

  • खाद के ई टोकन ने किसानों को बनाया घनचक्कर,मंहगे दामों पर खरीद रहे हैं डीएपी

    खाद के ई टोकन ने किसानों को बनाया घनचक्कर,मंहगे दामों पर खरीद रहे हैं डीएपी

    भोपाल, 20 नवंबर (प्रेस इन्फार्मेशन सेंटर)।मध्यप्रदेश में रबी सीजन की खेती किसानों के लिए केवल मौसम और सिंचाई की चुनौती नहीं रह गई है। अब खेत में फसल बोने से पहले खाद हासिल करने के लिए उन्हें सरकारी तकनीकी व्यवस्था से जूझना पड़ रहा है। खाद वितरण में पारदर्शिता लाने, बिचौलियों को खत्म करने और कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से लागू की गई ई-टोकन प्रणाली ने व्यवहार में किसानों के सामने नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। खाद के लिए टोकन हासिल करना, पोर्टल पर उपलब्धता तलाशना, मोबाइल पर ओटीपी का इंतजार करना और निर्धारित समय में वितरण केंद्र पहुंचना किसानों के लिए एक अलग ही परीक्षा बन गया है। विडंबना यह है कि इस प्रक्रिया से गुजरने के बाद भी खाद मिलने की गारंटी नहीं है।अंततः उन्हें बुआई के लिए डीएपी की बोरी खुले बाजार में 2100 रुपए में और यूरिया की बोरी पांच सौ रुपए में खरीदना पड़ रही है।

    सरकार ने ई-विकास प्रणाली को इस विश्वास के साथ लागू किया था कि किसान की जमीन, फसल और वास्तविक आवश्यकता के आधार पर खाद का वितरण होगा। इससे यह भी पता चलेगा कि किस जिले में कितनी खाद की जरूरत है और किस वितरण केंद्र पर कितना भंडार उपलब्ध है। लेकिन तकनीक के माध्यम से वितरण नियंत्रित करने और किसान तक खाद पहुंचाने के बीच जो प्रशासनिक कड़ियां हैं, उनकी कमजोरियां अब सामने आने लगी हैं।

    मध्यप्रदेश में ई-विकास प्रणाली का शुरुआती संस्करण अप्रैल 2026 में लागू हुआ था। तकनीकी दिक्कतों और किसानों की शिकायतों के बाद 30 जुलाई को इसे स्थगित किया गया। इसके बाद 20 अगस्त से संशोधित ई-विकास 2.0 व्यवस्था शुरू की गई। इसका उद्देश्य किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक चुनने की सुविधा देना था। लेकिन संशोधित व्यवस्था में भी टोकन, सर्वर, ओटीपी और वितरण केंद्रों पर उपलब्धता के बीच तालमेल की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

    ग्राउंड रिपोर्ट की 29 अक्टूबर 2026 की पड़ताल में सीहोर और राजगढ़ जिलों की स्थिति सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल जिले के बैरसिया से किसान खाद लेने के लिए लगभग 60 किलोमीटर दूर सीहोर पहुंचे, क्योंकि उनके क्षेत्र के वितरण केंद्र पर पोर्टल में उपलब्धता शून्य दिखाई दे रही थी। किसानों ने ऑनलाइन टोकन बनवाने में सर्वर की समस्या, ओटीपी में देरी और वितरण केंद्रों पर लंबी प्रतीक्षा की शिकायत की। कुछ किसानों के अनुसार ऑनलाइन सेवा केंद्रों पर टोकन बनवाने के लिए 50 रुपये तक देने पड़ रहे थे। टोकन की 72 घंटे की अवधि में खाद नहीं मिलने पर दोबारा टोकन बनवाने की जरूरत पड़ती थी।

    इससे भी गंभीर स्थिति तब दिखाई देती है जब सरकारी वितरण केंद्र पर टोकन के बावजूद खाद नहीं मिलती और किसान निजी विक्रेताओं के पास पहुंचता है। इसी पड़ताल में एक किसान ने आरोप लगाया कि निजी दुकानों पर बिना टोकन खाद उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन प्रति बोरी 100 से 200 रुपये अतिरिक्त देने पड़ते हैं। रिपोर्ट के पत्रकार ने भी एक निजी विक्रेता से किसान बनकर संपर्क किया। वहां 20 से 25 बोरी खाद बिना टोकन उपलब्ध कराने की बात सामने आई। यह किसी एक व्यापारी के व्यवहार से आगे बढ़कर सरकारी वितरण व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़ा करने वाला मामला है। हालांकि इन आरोपों को पूरे प्रदेश की स्थिति मानने के बजाय संबंधित क्षेत्रों की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के आधार पर परखना जरूरी है।

    यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकारी व्यवस्था खाद की बिक्री को टोकन से नियंत्रित कर रही है, तब निजी बाजार में बिना टोकन खाद उपलब्ध कराने की गुंजाइश कैसे बन रही है? यदि सरकारी केंद्र पर किसान को टोकन के बावजूद खाद नहीं मिलती और निजी विक्रेता अतिरिक्त रकम लेकर खाद देने को तैयार हैं, तो वितरण व्यवस्था के भीतर कहीं न कहीं ऐसा अंतराल है जिसका लाभ कारोबारी उठा रहे हैं।

    किसान की परेशानी को केवल कालाबाजारी तक सीमित करके भी नहीं देखा जा सकता। खेती का समय किसी सरकारी पोर्टल की तकनीकी सुविधा के अनुसार नहीं चलता। गेहूं की बोवनी, सिंचाई और फसल की शुरुआती बढ़वार के लिए खाद की जरूरत एक निश्चित समय पर होती है। किसान यदि तीन दिन टोकन के इंतजार में निकाल देता है तो उसका नुकसान केवल समय का नहीं होता। उसे डीजल, परिवहन, मजदूरी और खेती के दूसरे कामों की लागत भी चुकानी पड़ती है। सीहोर की पड़ताल में एक किसान ने बताया कि दूसरे जिले से खाद लाने में प्रति बोरी लगभग 100 रुपये का अतिरिक्त परिवहन खर्च पड़ रहा था। इस तरह सरकारी व्यवस्था में दिखाई देने वाली उपलब्धता और किसान के खेत तक पहुंचने वाली वास्तविक उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर पैदा हो सकता है।

    सरकार की ओर से खाद का पर्याप्त भंडार होने के आंकड़े भी सामने रखे जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 की एक रिपोर्ट में प्रदेश में लगभग 11.50 लाख टन खाद उपलब्ध होने का उल्लेख किया गया था। इसमें यूरिया, डीएपी और एनपीके का भंडार बताया गया। लेकिन कुल भंडार का आंकड़ा अपने आप में किसानों को राहत देने का प्रमाण नहीं है। खाद किस जिले में है, किस समिति में पहुंची है, किस केंद्र पर बिक्री के लिए दर्ज हुई है और किसान उसे कब प्राप्त कर सकता है, ये सभी अलग-अलग प्रश्न हैं। गोदाम में मौजूद खाद और किसान के खेत में पहुंची खाद के बीच की दूरी ही वितरण प्रशासन की वास्तविक परीक्षा है।

    ई-टोकन व्यवस्था की एक और गंभीर समस्या यह है कि तकनीकी रूप से कमजोर या डिजिटल सुविधाओं से दूर किसानों की निर्भरता दूसरे लोगों पर बढ़ जाती है। जिन किसानों के पास स्मार्टफोन, स्थिर इंटरनेट, सही दस्तावेज और तकनीकी जानकारी नहीं है, उन्हें ऑनलाइन सेवा केंद्रों या अन्य मध्यस्थों की सहायता लेनी पड़ती है। इससे जिस बिचौलिया संस्कृति को खत्म करने के लिए डिजिटल व्यवस्था लाई गई थी, वह नए स्वरूप में फिर पैदा हो सकती है। टोकन बनवाने का शुल्क, दस्तावेजों की दिक्कत, पोर्टल पर उपलब्धता का भ्रम और वितरण केंद्र पर ओटीपी सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं किसान को बार-बार दूसरों की मदद लेने के लिए मजबूर करती हैं।

    यह भी ध्यान रखना होगा कि खाद वितरण में वास्तविक मांग का आकलन करना जरूरी है। जमीन के रकबे और फसल के आधार पर खाद की सीमा निर्धारित करना एक उपयोगी प्रशासनिक उपाय हो सकता है, लेकिन खेती की परिस्थितियां हर खेत में समान नहीं होतीं। मिट्टी की उर्वरता, सिंचाई, फसल की किस्म और स्थानीय परिस्थितियों के कारण खाद की जरूरत बदल सकती है। यदि किसान की वास्तविक आवश्यकता से अधिक कठोर सीमा निर्धारित कर दी जाती है तो वह अपनी ही खेती के लिए खाद प्राप्त करने में असहाय हो सकता है। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त खाद की मांग पर कारण पूछने के साथ-साथ उसकी त्वरित और व्यावहारिक जांच की व्यवस्था भी होनी चाहिए।

    समस्या का समाधान ई-टोकन प्रणाली को समाप्त करने या पूरी तरह दोषमुक्त घोषित करने में नहीं है। जरूरत इस बात की है कि तकनीक किसान की सुविधा का माध्यम बने, उसके सामने नई बाधा नहीं। इसके लिए सरकार को कुछ बुनियादी सुधार करने होंगे। सबसे पहले प्रत्येक जिले और वितरण केंद्र का वास्तविक खाद भंडार सार्वजनिक पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट होना चाहिए। पोर्टल पर उपलब्धता दिखने और गोदाम में खाद दर्ज होने के बीच देरी नहीं होनी चाहिए। टोकन मिलने के बाद किसान को निर्धारित समय में खाद उपलब्ध कराने की जवाबदेही संबंधित वितरण केंद्र की होनी चाहिए। सर्वर या ओटीपी की समस्या होने पर वैकल्पिक ऑफलाइन सत्यापन की व्यवस्था भी तत्काल उपलब्ध होनी चाहिए।

    दूसरा, किसानों को केवल ऑनलाइन प्रक्रिया के भरोसे नहीं छोड़ा जाना चाहिए। पंचायत स्तर पर सहायता केंद्र, कृषि विस्तार अधिकारियों और सहकारी समितियों के माध्यम से टोकन बनवाने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। टोकन की अवधि समाप्त होने के लिए किसान को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए, यदि खाद वितरण केंद्र की अनुपलब्धता या तकनीकी खराबी के कारण उसे खाद नहीं मिली हो।

    तीसरा, निजी विक्रेताओं के स्टॉक, बिक्री और टोकन सत्यापन का नियमित मिलान होना चाहिए। निर्धारित सरकारी मूल्य से अधिक वसूली, बिना वैध प्रक्रिया खाद की बिक्री, जमाखोरी और खाद के साथ दूसरे उत्पाद खरीदने की बाध्यता की शिकायतों पर तत्काल जांच होनी चाहिए। केवल निरीक्षण की संख्या या कार्रवाई के सरकारी दावों से काम नहीं चलेगा। प्रशासन को यह भी बताना होगा कि कितने किसानों की शिकायतें मिलीं, कितने मामलों में अनियमितता प्रमाणित हुई और कितने विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।

    सबसे महत्वपूर्ण यह है कि कलेक्टरों और कृषि विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही केवल खाद के आवंटन और उठाव तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसान को उसकी जरूरत के समय निर्धारित मूल्य पर खाद मिले। सरकार के पास उपलब्ध स्टॉक का आंकड़ा तभी सार्थक है, जब किसान को खाद के लिए निजी बाजार में अतिरिक्त रकम न चुकानी पड़े।

    डिजिटल प्रशासन का उद्देश्य नागरिक को सरकारी दफ्तरों और बिचौलियों से मुक्त करना है। यदि किसी तकनीकी व्यवस्था के कारण किसान पहले से अधिक लोगों पर निर्भर हो जाए, उसे बार-बार टोकन बनवाना पड़े और अंततः कालाबाजारी के रास्ते खाद खरीदनी पड़े, तो उस व्यवस्था के क्रियान्वयन की समीक्षा अनिवार्य हो जाती है।

    रबी की फसल किसान के लिए पूरे साल की आर्थिक उम्मीद होती है। खाद की उपलब्धता में देरी का असर उसकी लागत, उत्पादन और अंततः परिवार की आमदनी पर पड़ता है। इसलिए खाद वितरण को केवल पोर्टल, टोकन और सरकारी भंडार के आंकड़ों से सफल नहीं माना जा सकता। उसकी सफलता का वास्तविक पैमाना यह होना चाहिए कि किसान को बिना अतिरिक्त खर्च, बिना सिफारिश और बिना किसी बिचौलिए के समय पर खाद मिल रही है या नहीं।

    मध्यप्रदेश सरकार को यह समझना होगा कि किसान को तकनीक के चक्रव्यूह में फंसाकर पारदर्शिता नहीं लाई जा सकती। पारदर्शिता तब आएगी जब खाद का पूरा हिसाब सार्वजनिक होगा, वितरण की हर कड़ी जवाबदेह होगी और कालाबाजारी करने वालों के लिए सरकारी व्यवस्था में कोई रास्ता नहीं बचेगा। अन्यथा ई-टोकन किसानों की सुविधा का साधन बनने के बजाय खाद के कारोबार में नए प्रकार की ब्लैकमेलिंग और बिचौलियागिरी का माध्यम बनता रहेगा।

  • बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    भोपाल, 20 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के तत्वाधान में मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल की ओर से आज “स्वस्थ भारत – एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के विरुद्ध संघर्ष” थीम पर एक विशाल जन-जागरूकता फार्मा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे एवं फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित की गई इस रैली में भोपाल के लगभग 50 फार्मेसी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 2,500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। भारत के सभी प्रदेशों में इस तरह के कार्यक्रम फार्मेसी कॉलेज आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोंटू पटेल एवं उपाध्यक्ष श्री जसू चौधरजी के मार्गदर्शन में आयोजित कराए जा रहे हैं।

    रैली को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग एवं भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय, जे.पी. अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संक्षिप्त संबोधन में एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने, दवाओं के जिम्मेदार सेवन तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

    रैली प्रातः 10 बजे प्रारंभ होकर जे.पी. अस्पताल स्थित फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक निकाली गई और दोपहर 12 बजे संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से नागरिकों को बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने, निर्धारित उपचार का पालन करने तथा दवाओं के दुरुपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की छात्र-छात्राओं में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जनता को जागरूककिया।

    रैली के संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, अध्यक्ष, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, डॉ. शैलेश जैन एवं डॉ. नीरज उपमन्यु, केंद्रीय परिषद सदस्य, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली, तथा डॉ. सुरेन्द्र कुमार जैन, निदेशक, लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. उमेश कुमार जैन, डॉ. सतीश नायक एवं डॉ. ए.के. सिंघई द्वारा किया गया।

    इस भव्य आयोजन ने फार्मेसी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जन-जागरण का प्रभावशाली संदेश दिया। रैली के माध्यम से यह आह्वान किया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदार उपयोग और जनसहभागिता ही स्वस्थ भारत के निर्माण एवं भविष्य में प्रभावी उपचार की सुरक्षा का आधार है। रैली के समापन पर परिषद के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह ने आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।

  • पूरी दुनिया के लिए सफल दवाएं बनाने पर चिंतन करेंगे फार्मासिस्ट

    पूरी दुनिया के लिए सफल दवाएं बनाने पर चिंतन करेंगे फार्मासिस्ट

    भोपाल में 23 नवम्बर को राज्य स्तरीय विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का भव्य आयोजन,आज जागरूकता रैली निकाली जाएगी

    “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला” थीम पर होगा आयोजन; 1500 से अधिक फार्मेसी विद्यार्थियों सहित फार्मेसी एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विभिन्न हितधारक होंगे शामिल

    भोपाल,19 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में तथा भोपाल क्षेत्र के फार्मेसी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के सहयोग से विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह – 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन 23 नवम्बर 2026 को हंसध्वनि ऑडिटोरियम, रविन्द्र भवन, भोपाल में प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला” निर्धारित की गई है।इस आयोजन के अंतर्गत 20 नवम्बर 2026 को मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक जागरूकता रैली भी आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध, एंटीबायोटिक्स के जिम्मेदार उपयोग एवं जनस्वास्थ्य के प्रति नागरिकों को जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा।

    इस भव्य आयोजन में भोपाल क्षेत्र के विभिन्न फार्मेसी महाविद्यालयों से लगभग 1500 विद्यार्थी, 300 शिक्षकगण, 100 कार्यरत फार्मासिस्ट, 50 व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के सहभागिता करने की अपेक्षा है। कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मासिस्टों के स्वास्थ्य सेवा एवं जनस्वास्थ्य में योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) जैसी गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करना है।

    कार्यक्रम के दौरान एंटीबायोटिक्स एवं अन्य एंटीमाइक्रोबियल औषधियों के तर्कसंगत, विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण की रोकथाम, रोगी परामर्श तथा एंटीमाइक्रोबियल स्टेवार्डशिप में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया जाएगा। वर्तमान समय में एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, जिसके प्रभावी नियंत्रण हेतु चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, शिक्षाविदों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं आम नागरिकों के बीच समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

    कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, फार्मा क्विज, विद्यार्थी-केंद्रित शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियाँ, संवादात्मक सत्र तथा समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से फार्मेसी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यावसायिक दक्षता, जिम्मेदार औषधीय व्यवहार एवं जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

    कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल जी, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर जी, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग जी, आरोग्य भारती, भोपाल के डॉ. अशोक वार्ष्णेय जी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति प्रो. आलोक शर्मा, मंसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर श्री गौरव तिवारी, भोपाल नगर की महापौर श्रीमती मालती राय जी, स्वास्थ्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अपर सचिव श्री धरणेन्द्र जैन (IAS), भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के संचालक श्री मनोज पुष्प (IAS) तथा मध्यप्रदेश शासन के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता प्रस्तावित है।

    विशेषज्ञ व्याख्यान के लिए AIIMS भोपाल के अतिरिक्त प्रोफेसर, जनरल मेडिसिन एवं उष्णकटिबंधीय तथा संक्रामक रोग संसाधन केंद्र एवं एंटी-रेट्रोवायरल केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. सागर खडंगा आमंत्रित हैं। वहीं, पैनल चर्चा में ICMR-NIRHE, भोपाल के निदेशक डॉ. राजनारायण तिवारी, जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, भोपाल के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय भार्गव, IISER भोपाल के प्रोफेसर डॉ. अपूर्वा एल. कोनेर, ट्रिलियम कंसल्टिंग एंड एडवाइजरी, चंडीगढ़ के प्रबंध निदेशक डॉ. संजीत सिंह लांबा तथा राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, भोपाल के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की निदेशक प्रो. दीप्ति जैन सहित विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

    यह आयोजन फार्मेसी पेशे की सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी जिम्मेदारियों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करते हुए युवा फार्मासिस्टों को राष्ट्र के स्वास्थ्य मिशन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा। आयोजन समिति का मानना है कि शिक्षा, जन-जागरूकता, बहु-क्षेत्रीय सहयोग एवं जिम्मेदार औषधीय व्यवहार के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की चुनौती का प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित भारत के निर्माण में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

    कार्यक्रम का विवरण

    विवरणजानकारी
    कार्यक्रमविश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह – 2026 (राज्य स्तरीय आयोजन)
    दिनांक23 नवम्बर 2026
    स्थानहंसध्वनि ऑडिटोरियम, रविन्द्र भवन, भोपाल
    उद्घाटनप्रातः 9:30 बजे
    मीडिया संवाददोपहर 12:30 बजे
    आयोजकफार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, भोपाल
    थीमस्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला
    जागरूकता रैली20 नवम्बर 2026, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक

    मीडिया संपर्क

    डॉ. संजय कुमार जैन

    अध्यक्ष, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल

    केंद्रीय परिषद सदस्य (CC Member), फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली

    राज्य संयोजक – विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026

    मोबाइल: 9893025826

    ईमेल: jainkb1996@gmail.com

  • घटना पर पैबंद लगाया तो खुल गई तंत्र की पोल

    घटना पर पैबंद लगाया तो खुल गई तंत्र की पोल

    मुख्यमंत्री के प्रचार तंत्र ने संवेदनशीलता दिखाने के प्रयास में प्रशासनिक विफलता उजागर कर दी

    भोपाल (प्रेस इन्फार्मेशन सेंटर)। राजनीति में कई बार एक छोटी-सी घटना सरकार के कामकाज का बड़ा आईना बन जाती है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच जिले के मनासा प्रवास के दौरान एक छात्रा नेहा माली का उनके काफिले के सामने पहुंचकर रोते हुए अपनी बात सुनाने का आग्रह करना ऐसी ही घटना है। इस घटना ने सरकार के प्रशासनिक तंत्र, जनसुनवाई व्यवस्था और सबसे बढ़कर मुख्यमंत्री के प्रचार एवं मीडिया प्रबंधन की समझ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    कुकड़ेश्वर की नेहा माली मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंची थी। वह बार-बार आग्रह कर रही थी कि मुख्यमंत्री उसकी बात सुन लें। सुरक्षा कर्मियों ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया और काफिला आगे निकल गया। वीडियो में एक ऐसी युवती दिखाई दे रही थी जो अपने प्रदेश के सबसे बड़े प्रशासनिक और राजनीतिक पदाधिकारी तक अपनी पीड़ा पहुंचाने के लिए सड़क पर आंसू बहा रही थी। यह दृश्य अपने आप में सरकार की जनसुनवाई व्यवस्था पर टिप्पणी था। वह कुकड़ेश्वर की निवासी बताई गई है और घटना मुख्यमंत्री के मनासा दौरे के दौरान हुई।

    अगले दिन मुख्यमंत्री ने युवती को बुलवाया। उसकी बात सुनी। उसने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद रिश्तेदार उसे और उसकी छोटी बहन को पैतृक मकान से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं। पिता की संपत्ति में उसका अधिकार नहीं मिल रहा है। उसने पुलिस और प्रशासन के सामने भी अपनी समस्या रखी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। मुख्यमंत्री ने नीमच कलेक्टर को मामले की जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए और एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। कुछ समाचार रिपोर्टों के अनुसार युवती ने बताया कि वह उज्जैन में अपनी नानी के पास रह रही है और संपत्ति विवाद अदालत में भी पहुंचा है।

    यहां तक घटनाक्रम एक संवेदनशील मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित नागरिक की शिकायत सुनने और प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश देने का मामला था। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे प्रकरण को एक अलग ही राजनीतिक और प्रशासनिक विमर्श में बदल दिया।

    मुख्यमंत्री के साथ युवती की मुलाकात के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रचारित किए जाने लगे। संदेश यह देने की कोशिश हुई कि मुख्यमंत्री कितने संवेदनशील हैं, वे बेटियों की पीड़ा सुनते हैं और तत्काल सहायता करते हैं। लेकिन प्रचार तंत्र शायद यह भूल गया कि इस कहानी का पहला दृश्य भी जनता ने देखा था। उसी दृश्य में एक बेटी मुख्यमंत्री से मिलने के लिए गिड़गिड़ा रही थी और उसका काफिला आगे बढ़ गया था।

    प्रचार की सबसे बड़ी भूल यह थी कि उसने कहानी का दूसरा हिस्सा दिखाया, लेकिन पहले हिस्से से पैदा हुए सवालों का जवाब नहीं दिया।

    सरकार के प्रचार तंत्र को यह समझना चाहिए था कि एक लाख रुपये की सहायता किसी पीड़ित की तत्काल जरूरत पूरी करने में उपयोगी हो सकती है, लेकिन इससे पिता की संपत्ति में उसका कानूनी अधिकार सुनिश्चित नहीं हो जाता। यदि किसी बेटी को अपने ही पिता की संपत्ति में हिस्से के लिए मुख्यमंत्री के काफिले के सामने रोना पड़े तो यह केवल पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली का भी प्रश्न है।

    मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दे दिए। लेकिन सवाल यह है कि युवती ने पहले कहां शिकायत की थी? उसकी शिकायत पर किस अधिकारी ने क्या कार्रवाई की? यदि मामला पहले से पुलिस और प्रशासन के संज्ञान में था तो उसकी सुनवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया? क्या दोनों बहनों के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोई समयबद्ध कार्ययोजना बनी? इन सवालों का जवाब जनता को मिलना चाहिए था।

    इससे भी बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के काफिले तक युवती के पहुंचने का है। क्या यह पूरी तरह एक संयोग था? क्या युवती को मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी मिलने पर स्वयं वहां पहुंचने की प्रेरणा मिली? क्या किसी सामाजिक कार्यकर्ता या स्थानीय व्यक्ति ने उसे वहां पहुंचने का सुझाव दिया था? अथवा किसी ने जानबूझकर उसे मुख्यमंत्री के सामने भेजा था ताकि प्रशासन की विफलता सार्वजनिक हो सके?

    इन संभावनाओं की जांच किए बिना षड्यंत्र का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। लेकिन यह जरूर पूछा जाना चाहिए कि क्या पुलिस और प्रशासन ने इस घटनाक्रम की पृष्ठभूमि की पड़ताल की? यदि किसी ने युवती को जानबूझकर इस स्थिति तक पहुंचाया था तो उसका उद्देश्य क्या था? और यदि ऐसा कुछ नहीं था तो फिर इस प्रकरण को केवल मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता के प्रचार तक सीमित क्यों रखा गया?

    दरअसल, मुख्यमंत्री के आसपास काम करने वाले प्रचार और मीडिया प्रबंधन के लोगों की जिम्मेदारी केवल मुख्यमंत्री की अच्छी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करना नहीं है। उनकी पहली जिम्मेदारी यह समझना है कि किसी घटना का राजनीतिक और प्रशासनिक अर्थ क्या है। जनता किसी वीडियो को केवल उस रूप में नहीं देखती जिस रूप में सरकार दिखाना चाहती है। वह दोनों दृश्यों की तुलना करती है और फिर अपना निष्कर्ष निकालती है।

    इस प्रकरण में भी यही हुआ। पहले वीडियो में एक बेटी मुख्यमंत्री से अपनी बात सुनने की गुहार लगा रही है। दूसरे वीडियो में मुख्यमंत्री उसे अपने पास बैठाकर आर्थिक सहायता देने और न्याय दिलाने का भरोसा दे रहे हैं। प्रचार तंत्र दूसरे दृश्य को उपलब्धि बताना चाहता है, जबकि जनता पहले दृश्य को देखकर व्यवस्था की विफलता पर सवाल पूछ रही है।यही सरकार के संचार प्रबंधन की सीमा है। प्रचार के माध्यम से किसी घटना की तस्वीर बदली जा सकती है, लेकिन उसके भीतर छिपे प्रशासनिक सवालों को मिटाया नहीं जा सकता।

    राज्य का राजस्व महकमा हो या पुलिस प्रशासन ये पूरा तंत्र केवल कागजी भरपाई की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। अविवादित नामांतरण हो या विवादित संपत्तियों का निपटारा दोनों में प्रशासन और सरकार बुरी तरह असफल साबित हुई है। आनलाईन आवेदनों को प्रशासनिक अमला जिस तरह निपटाता है उससे आम नागरिक को न्याय भी नहीं मिलता और लंबित प्रकरणों की वजह से राज्य की आय भी सीधे तौर पर प्रभावित होती है। इन्हीं गड़बड़ियों में सुधार के लिए तो जनता ने भाजपा को सत्ता में भेजा था। ढ़ाई दशकों के शासन के बाद भी स्थितियां बदली नहीं हैं। वैसे तो अटल बिहारी सुशासन संस्थान कथित तौर पर सरकार की व्यवस्था को कारगर बनाने के नाम पर करोड़ों रुपयों की जेब तराशी कर लेता है पर सरकार का काम अब तक क्यों नहीं सुधर सका ये सवाल भी गौर करने लायक है।

    मध्यप्रदेश सरकार को यह भी समझना होगा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का सबसे प्रभावी प्रचार किसी पीड़ित को एक लाख रुपये देना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिसमें किसी बेटी को न्याय के लिए मुख्यमंत्री के काफिले के सामने रोना न पड़े। यदि पुलिस थाने में शिकायत सुनी जाती, राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों ने समय पर हस्तक्षेप किया होता और परिवार की बेटियों के संपत्ति अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की गई होती तो यह घटना पैदा ही नहीं होती।

    सरकार को यह संदेश देना चाहिए था कि बेटी को न्याय मिलेगा, लेकिन जिन अधिकारियों की लापरवाही से उसे मुख्यमंत्री तक पहुंचने की नौबत आई, उनकी जवाबदेही भी तय होगी।

    यह संदेश मुख्यमंत्री की छवि को कहीं अधिक मजबूत करता। इससे सरकार की संवेदनशीलता के साथ उसकी प्रशासनिक दृढ़ता भी दिखाई देती। लेकिन ऐसा कोई स्पष्ट संदेश सामने नहीं आया। एक लाख रुपये की सहायता और कलेक्टर को निर्देश देने का वीडियो ही प्रचार का मुख्य आधार बन गया।

    इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकारों की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। क्या उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि इस घटना के दोनों वीडियो एक साथ देखने पर सरकार की जनसुनवाई व्यवस्था पर सवाल उठेंगे? क्या किसी ने मुख्यमंत्री को यह सलाह दी कि इस प्रकरण में केवल मुलाकात और आर्थिक सहायता का प्रचार पर्याप्त नहीं होगा? क्या मीडिया प्रबंधन करने वालों ने यह सुझाव दिया कि संबंधित पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही भी सार्वजनिक की जानी चाहिए?

    मुख्यमंत्री के आसपास जो तंत्र काम कर रहा है जो हर असुविधाजनक घटना को प्रचार सामग्री में बदलकर सकारात्मक उपलब्धि बताने की कोशिश करता है। वह मुख्यमंत्री की मदद नहीं कर रहा, बल्कि उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।सरकार का प्रचार तंत्र सरकार की आंख और कान होना चाहिए, केवल कैमरा और माइक नहीं। उसे ऐसी घटनाओं के राजनीतिक निहितार्थ समझने चाहिए और मुख्यमंत्री को असुविधाजनक लेकिन जरूरी सलाह देने का साहस भी रखना चाहिए।

    मुख्यमंत्री को भी यह देखना होगा कि उनके आसपास कौन लोग हैं जो हर घटना में प्रशंसा का अवसर तलाशते हैं, लेकिन उस घटना से पैदा होने वाली प्रशासनिक जिम्मेदारियों को नजरअंदाज कर देते हैं। सरकार की छवि सोशल मीडिया की पोस्टों से नहीं, शासन की विश्वसनीयता से बनती है।पिछले बीस सालों की शिवराज सिंह सरकार ने कर्ज लेकर वाहवाही लूटने की जो शैली अपनाई थी उसकी वजह से आम जनता को समाधान नहीं मिल सका है। शिवराज ने खैरात बांटकर वाहवाही तो लूटी पर समस्याएं और भी विकराल रूप लेती गईं हैं।

    नेहा माली को एक लाख रुपये की सहायता मिलना अच्छी बात है। उसके पिता की संपत्ति में उसके वैधानिक अधिकार सुरक्षित हों, उसे और उसकी बहन को सम्मान और सुरक्षा मिले तथा उसकी शिकायत का निष्पक्ष निराकरण हो, यह उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। इस घटना का सबसे बड़ा सबक यह है कि सरकार को अपनी छवि बचाने के लिए हर बार एक नया वीडियो जारी करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उसे ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए जिसमें जनता की शिकायत का समाधान मुख्यमंत्री के काफिले तक पहुंचने से पहले हो जाए।एक बेटी के आंसुओं पर प्रचार का पैबंद लगाकर सरकार की साख नहीं बचाई जा सकती। उसके आंसुओं की वजह खत्म करना ही सुशासन की असली कसौटी है।