Month: February 2024

  • एक्सिस बैंक में बीमा की आड़ में ठगी का खेल

    एक्सिस बैंक में बीमा की आड़ में ठगी का खेल


    पचास लाख रुपए की एफडी करने के बजाए राशि को बीमा में लाक कर दिया


    भोपाल,19 फरवरी(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर) भारत के मुद्रा बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए एक्सिस बैंक ने इन दिनों आम निवेशकों को लूटने का अभियान चला रखा है। अपना संचालन खर्च घटाने के लिए बैंक ने ऐसे नए युवाओं को फील्ड में उतार दिया है जो निवेशकों के भरोसे से खिलवाड़ करके उन्हें ठगने का काम कर रहे हैं। हाल ही में बैंक की बिलासपुर शाखा में ऐॅसी ही ठगी की शिकार प्रोफेसर ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। उसके साथ पचास लाख रुपए की धोखाघड़ी की गई है।


    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रसायन शास्त्र की एक प्राध्यापिका ने अपनी बेटी का भविष्य सुरक्षित करने के लिए एक्सिस बैंक बिलासपुर में राजकिशोर नगर शाखा में पचास लाख रुपए जमा किए थे। बैंक के अधिकारियों का कहना था कि शाखा के आला अधिकारी इस राशि को कहीं निवेश कराने के लिए दबाव बना रहे हैं। इस पर प्राध्यापिका ने एफडी कराने के लिए सहमति दे दी। इस पर बैंक मैनेजर चेतन श्रीवास ने अपने कर्मचारी रोहिणी वल्लभ साहू को भेजकर प्रोफेसर से कहलवाया कि वे बैंक का एप डाऊनलोड करवा लें तो ओटीपी के माध्यम से एफडी की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। बैंक कर्मचारी ने प्रोफेसर का मोबाईल लिया और कहा कि वह इस पर बैंक का एप डाऊनलोड कर रहा है। इस बीच उसने मैक्स लाईफ की पालिसी की सहमति के लिए ओटीपी बुला लिया और ओके करके मोबाईल वापस प्रोफेसर को लौटा दिया। प्रोफेसर को लगा कि उनकी रकम बैंक के कर्मचारी ने एफडी में लगा दी है।उन्हों इस बीमे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।


    कुछ हफ्तों बाद जब प्रोफेसर के घर के पते पर पालिसी डिलीवर हुई तो उन्हें पता चला कि उनकी रकम बैंक ने बीमा कंपनी में निवेश कर दी है। उन्होंने पता किया तो बैंक के कर्मचारी ने बताया कि मैक्स लाईफ इंश्योरेंस एक तरह से एक्सिस बैंक की ही सहयोगी फर्म है। उनका पैसा भले ही बीमे में रखा है लेकिन उन्हें ब्याज भी मिलेगा और जब चाहेंगी रकम मात्र पाच हजार रुपए का शुल्क चुकाकर वापस मिल जाएगी। इसके बाजवूद प्रोफेसर बैंक गई और कहा कि उन्होंने रकम एक्सिस बैंक की एफडी में निवेश की है मैक्स लाईफ में नहीं। इस पर बैंक मैनेजर ने कहा कि दोनों ही सहयोगी कंपनियां हैं इसलिए उनकी रकम पर एफडी की ही तरह ब्याज मिलता रहेगा।


    प्रोफेसर ने बैंक मैनेजर से कहा कि मुझे अपनी रकम बीमा में निवेश नहीं करनी, मैं तो अपनी आय पर पूरा कर देती हूं मुझे किसी प्रकार की छूट नहीं चाहिए। मैं तो ये रकम अपनी बेटी की शादी के लिए बचाकर रखना चाहती हूं। बैंक के अधिकारियों ने उन्हें कहा कि उन्हें अपना टारगेट पूरा करना पड़ता है। इसलिए हम खाते को बीमा राशि दिखाकर वापस ले लेते हैं। अब जबकि प्रोफेसर को अपनी बेटी की शादी की तैयारी के लिए रकम की जरूरत पड़ी तो उन्होंने बैंक से संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि उनकी रकम लाक हो गई है और समय अवधि पूरा होने पर ही वापस मिलेगी। इस पर प्रोफेसर हतप्रभ रह गईं और उनकी मनःस्थिति गड़बड़ा गई। उन्हें लगा कि अब बेटी की पढ़ाई, रोजगार और शादी के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ेगा।


    प्रोफेसर ने अपने साथ हुई इस धोखाघड़ी की शिकायत बैंक मैनेजर के अलावा पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर को भी की है। उन्होने पुलिस से निवेदन किया है कि मुझे अंधेरे में रखकर बैंक के कर्मचारियों ने धोखाघड़ी की है। लोगों ने बताया कि इस तरह की धोखाघड़ी बैंक के लोग अपने सैकड़ों ग्राहकों से कर चुके हैं । पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरु कर दी है। बैंक के अधिकारी अब कह रहे हैं कि वे बीमा कंपनी से बात कर रहे हैं ताकि प्रोफेसर की रकम वापस दिला सकें। बीमा कंपनी का कहना है कि उन्होंने बीमा राशि को बाजार में निवेश कर दिया है। इस संबंध में वह बैंक को उसका कमीशन भी दे चुके हैं,इसलिए पूरी राशि वापस करने के लिए हेड आफिस से अनुमति लेनी होगी।


    मैक्स लाईफ बीमा कंपनी के भोपाल रीजन के मैनेजर ललित कुदेसिया का कहना है कि ये मामला एक्सिस बैंक की शाखा में घटित हुआ है। हमारी कंपनी ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की है। बैंक ने कहा तो हमने बीमा कर दिया। इस संबंध में किसी भी कार्रवाई के लिए आपको बैंक से ही संपर्क करना चाहिए। इधर एक्सिस बैंक भोपाल के मैनेजर विपिन तिवारी का कहना है कि बैंक की बिलासपुर शाखा ने ये बीमा किया है। उसे एफडी करना थी या बीमा इस संबंध में केवल वहीं के मैनेजर कुछ बता सकते हैं। आपने हमें सूचना दी है तो हम अपने मुंबई मुख्यालय को सूचना भेज देंगे। जब उनसे पूछा गया कि एक्सिस बैंक में इस तरह की धोखाघड़ी क्यों की जा रही है तो उन्होंने साफ इंकार करते हुए कहा कि हमारी ब्रांच में इस तरह की धोखाघड़ी नहीं होती। जब उनसे इस ब्रांच में इसी तरह के एक प्रकरण के बारे में पूछा गया तो वे बगलें झांकने लगे।दरअसल एक्सिस बैंक प्रबंधन ने ही अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को बीमा बेचने का टारगेट दे रखा है जिसे पूरा करने के लिए वे ग्राहकों को गुमराह करके उनकी पूंजी बीमा योजना में जमा करवा देते हैं।

    सूत्र बताते हैं कि एक्सिस बैंक अपनी जमा राशियों को टैक्स से बचाने के लिए और आय न दिखाने के लिए मैक्स लाईफ के अलावा अन्य बीमा कंपनियों में भी निवेश दिखाता है। इससे उसे टैक्स में छूट भी मिल जाती है और कम ब्याज पर रकम भी मिल जाती है।सेबी ने हालांकि इस तरह की धोखाघड़ी रोकने के लिए सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं। इस तरह की धोखाघड़ी को संज्ञान में लेते हुए रिजर्व बैंक ने भी गाईडलाईन जारी की हैं। जानकारी के अभाव में आम उपभोक्ता इस तरह की घोखाघड़ी के शिकार हो रहे हैं। यह प्रकरण सेबी और बैंकिंग लोकपाल की निगाह में भी लाया जा रहा है। देखना है कि धोखाघड़ी के इस साफ प्रकरण में पुलिस क्या कार्रवाई करती है और पीड़िता को न्याय कैसे दिलाएगी।

  • नर्मदा को सीवरेज से मुक्त बनाने में सहयोग की अपील

    नर्मदा को सीवरेज से मुक्त बनाने में सहयोग की अपील

    भोपाल19 फरवरी(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा नर्मदापुरम में जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू की सहायता से सीवरेज परियोजना पर कार्य किया जा रहा है वर्तमान में 144 किलोमीटर में से 25 किलोमीटर सीवरेज लाइन बिछा दी गई है। मलजल के शोधन के लिए नगर में 21 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। सीवर लाइन बिछाने के बाद खुदाई उपरांत अस्थाई रोड रेस्टोरेशन कर दिया जाता है। इसके उपरांत मेनहोल निर्माण, हाउस सर्विस चैम्बर निर्माण के उपरांत स्थाई रोड रेस्टोरेशन का कार्य किया जाता है इस पूरी प्रक्रिया में 20-25 दिन का समय लग जाता है। सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य सडक के बीचो बीच में से किया जाता है जिसके कारण नल कनेक्शन एवं पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त होती है जिसका समय समय पर सुधार कार्य किया जाता है, ऐसी स्थिति में नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पडता है। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी सभी सम्मानीय नागरिकों से अपील करती है कि नर्मदापुरम सीवरेज परियोजना का कार्य मॉ नर्मदा की निर्मलता बनाऐं रखने के लिए किया जा रहा है अतः कार्य अवधि में धैर्य रखते हुए सहयोग करें। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा प्रति सप्ताह कार्य की समीक्षा भी की जा रही है।

  • रमनवीर अरोरा की हवेली पर छापे में गुर्गा गिरफ्तार

    रमनवीर अरोरा की हवेली पर छापे में गुर्गा गिरफ्तार


    भोपाल, 19 फरवरी ( प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। मध्यप्रदेश पुलिस ने फर्जी कंपनियां बनाकर राज्य के खजाने से ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों की धरपकड़ शुरु कर दी है। ऐसे ही एक गिरोह के सरगना की कारगुजारियां जब पुलिस के सामने उजागर हो गईं तो पुलिस ने कुख्यात ठग और रमनवीर इंपोरियम के कथित संचालक रमनवीर अरोरा की हवेली पर छापा मारा जहां उसका गुर्गा पुलिस के हत्थे चढ़ गया।जिसने अपने मालिक के कहने पर अपराध करना स्वीकार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।


    सैडमेप भोपाल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर महिला अधिकारी ने पुलिस थाना क्राईम ब्रांच में शिकायत की थी कि किसी व्यक्ति ने उनके और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी के बीच फर्जी बातचीत का कथित स्क्रीन शाट वायरल किया था जिसमें आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करके उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई थी. पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ऐसी चैट बरामद की और पाया कि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, सेक्रेट्री एवं कमिश्नर ,एमएसएमई सेक्रेटरी , स्पोर्ट्र्स सेक्रेटरी आदि के बीच असत्य, मनगढ़ंत, और काल्पनिक आपत्तिजनक चैट बनाकर उसका स्क्रीन शाट सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस चैट का मकसद इन अधिकारियों को बदनाम करना था। ये सब साजिशें केवल इसलिए की जा रहीं थीं क्योंकि सैडमेप से सिक्यूरिटी के नाम पर लूट कर रहे फर्जी ठेकों को निरस्त कर दिया गया था। फर्जी तरीकों से नौकरियां करने वाले कई निठल्ले अधिकारियों को भी निकाल बाहर किया गया था।


    पुलिस ने पाया कि मुख्य अभियुक्त ब्लैक लिस्टेड रतन इंपोरियम का रमनवीर अरोरा इस षड़यंत्र का मुख्य साजिश कर्ता है। वह एक समाचार पत्र प्रकाशित करता है और पुलिस पर रौब जमाकर बच निकलता रहा है। इसने टाईम्स आफ इंडिया समूहब का एक पुरस्कार भी खरीदा था जिसे दिखाकर वह खुद को बड़ा समाजसेवी बताता रहता है। पुलिस आयुक्त नगरीय पुलिस भोपाल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध मुख्यालय, और पुलिस उपायुक्त अपराध को अज्ञात आरोपी को खोजकर गिरफ्तार करने और वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिये थे।


    निर्देश प्राप्त होने पर पुलिस उपायुक्त अपराध द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध के नेतृत्व एवं सहायक पुलिस आयुक्त अपराध के मार्ग दर्शन में थाना क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर तत्काल सक्रिय किया गया जिनके द्वारा आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकि साधनो/संसाधनों के आधार पर पता लगाया कि इंदौर के रहने वाले जावेद मोहम्मद पिता शफी मोहम्मद खान ने अपने सेठ रमनवीर सिंह अरोरा के कहने पर उक्त फर्जी कूटरचित स्क्रीन शॉट, एप के माध्यम से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था जिसे क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम द्वारा कडी मशक्कत के बाद गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है,मामले में अनुसंधान एवं फरार मुख्य आरोपी रमनवीर सिंह अरोरा की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।राजधानी से एक दोपहर में प्रकाशित समाचारपत्र का मालिक इस गिरोह का संरक्षक बताया जा रहा है।


    पुलिस ने बताया कि उसने जावेद मोहम्मद पिता सफी मोहम्मद खान उम्र 35 साल निवासी म.न 17 राजा मार्ग,धार हाल पता, म.न 249 सिल्वर नगर,मोहम्मद इसरार का मकान, गली नं 2 थाना खजराना इंदौर कक्षा -5 वीं अप.क्र.28/24 धारा 469,500 भादवि इजाफा धारा 201,204,471,120 बी भादवि के अंतर्गत गिरफ्तार किया है। वह अनपढ़ महिलाओं को कुछ पैसे देकर उनके नाम पर सिम खरीद लेता था और उसी के माध्यम से दुष्प्रचार करता था।

  • सुशासन, संस्कृति, सेवा और सतत विकास हमारा मंत्रःमोहन यादव

    सुशासन, संस्कृति, सेवा और सतत विकास हमारा मंत्रःमोहन यादव


    भोपाल, 12 फरवरी(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा है कि सुशासन, संस्कृति, सेवा और सतत विकास हमारा मूल मंत्र है। हम राजा विक्रमादित्य की सुशासन की परंपरा को आगे ले जाना चाहते हैं। इसके लिए निरंतर प्रयास भी कर रहे हैं। प्रदेश विधानसभा में सोमवार को 2024-25 के आय व्यय का लेखानुदान पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर रखे गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में उन्होंने यह वक्तव्य दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनना हमारा सौभाग्य है। उज्जैन से भी भगवान राम का खास रिश्ता है।
    उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच भारत रत्न दिए। उसके लिए मैं पीएम मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं। कांग्रेस ने तो पूर्व पीएम स्व. नरसिंम्हा राव को कभी सम्मान नहीं दिया। पीएम मोदी राव जैसे योग्य व्यक्तियों को ढूंढ ढूंढ़ कर भारत रत्न से सम्मानित कर रहे हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने टिप्पणी की। जिस पर सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरु कर दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नेता प्रतिपक्ष के बयान को विलोपित करवा दिया।
    मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर महापुरुषों के अपमान का आरोप लगाया। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस ने टंट्या मामा ,वीर शिवाजी समेत अन्य महापुरुषों को लुटेरा कहा था। इस पर ओमकार सिंह मरकाम ने आरोप लगाया कि भाजपा देश को गुमराह कर रही है। कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत बोले किस इतिहास में लिखा है कि कांग्रस ने टंट्या मामा को लुटेरा कहा है। इसी बात पर विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया और प्रमाण मांगा। अध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बैठने को कहा और बोले मैं तथ्यों को दिखवाऊंगा। इस पर भाजपा विधायकों ने एनसीईआरटी की बुक का संदर्भ दिया। विपक्ष ने विजयवर्गीय के शब्द को विलोपित करने की मांग कर सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण स्वीकार कर सदन की कार्रवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
    सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश के पांच व्यक्तियों को पद्मश्री दिया गया है। ऐसा कोई सोच भी सकता था क्या। डॉक्टर राजपुरोहित जी का बहुत महत्वपूर्ण योगदान था। अपनी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए माच कला के बारे किताबें लिखी। हर भाषा का पर्याय हो सकता है, लेकिन मोदी जी का कोई पर्याय नहीं है। अटक से कटक तक सभी दिशाओं में हमारे नेता पीएम नरेंद्र मोदी जी का गुणगान हो रहा है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 माह की सरकार में आपने कुछ किया नहीं। अब मेरी दो महीने में परीक्षा ले रहे हो तो पूरा उत्तर भी सुनो। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के 40 से अधिक बिंदु पूरे कर दिए हैं। कई तो वो काम भी कर दिए जो संकल्प पत्र में नही थे। सीएम ने कहा कि हमारा संकल्प पत्र कागज का टुकड़ा नहीं, धर्म ग्रंथ गीता, भागवत की तरह है, जो पांच साल में पूरा किया जाएगा। सीएम ने कहा कि स्वच्छता, खनिज निविदा में मध्य प्रदेश अग्रणी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी। एनडीए 400 पार होगा।
    मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों पर हेलीकॉप्टर और हवाई यात्रा की सुविधा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इंदौर से महाकालेश्वर इंदौर से ओंकारेश्वर, ग्वालियर से ओरछा ग्वालियर से दतिया ऐसे कई सारे स्थलों पर हवाई सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोशिश कर रहे हैं कि चुनाव से पहले टेंडर हो जाए। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार अयोध्या जाएगी। सरकार मंत्रियों के साथ विधायकों को भी अयोध्या लेकर जाएगी।
    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रदेश के विकास की नई इबादत लिखेंगे। इस वर्ष गुड़ी पड़वा पूरे प्रदेश में मनाएंगे। प्रदेश सरकार गरीबों का युवाओं का कल्याण किसानों की भलाई और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य करेगी। जननी एक्सप्रेस योजना में वाहन बढ़ाए जाएंगे। अग्नि वीर योजना में 360 घंटे प्रशिक्षण योजना संचालित करेंगे। वीर भारत संग्रहालय के माध्यम से सांस्कृतिक धरोहर से जनता को अवगत करवाएंगे। वर्ष 2028 के सिंहस्थ में दुनिया भर के तीर्थयात्री आएंगे। इस आयोजन को अधिक से अधिक सफल बने इस दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

  • जगदीश देवड़ा ने पेश किया अंतरिम बजट

    जगदीश देवड़ा ने पेश किया अंतरिम बजट

    लेखानुदान में कोई नया कर नहीं लगाया.

    भोपाल, 12 फरवरी(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)।उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आज वित्तीय वर्ष 2024-25 का लेखानुदान विधानसभा में प्रस्तुत किया। संविधान के अनुच्छेद 206 (1) के अंतर्गत निरंतर व्यय के मदों के लिये नवीन सेवायें अथवा व्यय के नये मद/शीर्ष सम्मिलित नहीं हैं। लेखानुदान का उद्देश्य अंतिम आपूर्ति की स्वीकृति होने तक सरकार के क्रियान्वयन को जारी रखना है। करारोपण संबंधी नये प्रस्ताव तथा व्यय के नवीन मद सम्मिलित नहीं हैं। द्वितीय अनुपूरक अनुमान में सम्मिलित नवीन योजनाओं के लिये प्रावधान है। लेखानुदान की अवधि समाप्त होने के पूर्व अनुदान की पुनरीक्षित मांगें सदन के समक्ष प्रस्तुत की जायेंगी। लेखानुदान द्वारा प्राप्त राशि मुख्य बजट में समाहित की जायेंगी। लेखानुदान 4 माह (एक अप्रैल से 31 जुलाई, 2024) के लिये है। वित्तीय वर्ष हेतु बजट में सम्मिलित राशि 3,48,986.57 करोड़ है। लेखानुदान के लिये राशि रुपये 1,45,229.55 करोड़ है। लेखानुदान राशि में मतदेय राशि रुपये 1,19,453.05 करोड़ तथा भारित राशि रुपये 25,776.51 करोड़ है।

    बजट अनुमान 2024-25 का वार्षिक वित्तीय विवरण

    वर्ष 2024-25 के बजट अनुमान में कुल राजस्व प्राप्तियाँ राशि रुपये 2,52,268.03 करोड़ है। इसमें राज्य कर से राजस्व प्राप्तियाँ रुपये 96,553.30 करोड़ है। गैर कर राजस्व प्राप्तियाँ रुपये 18,077.33 करोड़ है। बजट अनुमान में राजस्व व्यय रुपये 2,51,825.13 करोड़ है। वर्ष 2023-24 में पुनरीक्षित अनुमान में राजस्व व्यय रुपये 2,31,112.34 करोड़ है। वर्ष 2024-25 में बजट अनुमान में राजस्व आधिक्य रुपये 442.90 करोड़ है। कुल पूँजीगत प्राप्तियाँ का बजट अनुमान रुपये 59,718.64 करोड़ है एवं वर्ष 2024-25 में कुल पूँजीगत परिव्यय का बजट अनुमान 59,342.48 करोड़ है।