Month: November 2022

  • घोटालेबाजों से अलग हुए जैन परिचय सम्मेलन पर समाज ने भरोसा जताया

    घोटालेबाजों से अलग हुए जैन परिचय सम्मेलन पर समाज ने भरोसा जताया


    भोपाल,15 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। पिछले 27 सालों से चले आ रहे अखिल भारतीय दिगंबर जैन परिचय सम्मेलन भोपाल ने विवाह योग्य युवाओं को अपना जीवन साथी चुनने के लिए इस साल बहुत कम दामों पर मिलन पत्रिका मुहैया कराने और परिचय सम्मेलन का आयोजन करने की तैयारियां पूरी कर लीं हैं। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर टिन शेड टीटी नगर भोपाल में 3 व 4 दिसंबर 2022 को ये सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कुछ सालों से घोटालेबाजी के आरोपों का सामना कर रहे मनोहर लाल टोंग्या जी वाले परिचय सम्मेलन से अलग होकर जैन समाज की पूरी टीम ने ये आयोजन किया है। इसमें युवाओं को मात्र छह सौ रुपए में तमाम रिश्ते पत्रिका के माध्यम से तो दिलाए ही जाएंगे साथ में जोड़ों के आनलाईन चुनाव की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।यही देखते हुए जागरूक जैन समाज ने ज्यादा प्रविष्टियां देकर परिचय सम्मेलन को मजबूत मंच बना दिया है।
    सम्मेलन से जुड़े अन्य सूत्र बताते हैँ कि युवाओं से परिचय के नाम पर धन उगाही करके उससे धंधा करने वालों से मुक्ति के बाद अब समिति बहुत कम दरों पर सारी सुविधाएं दिला रही है.समिति का उद्देश्य जैन समाज के युवाओं को अच्छा जीवनसाथी उपलब्ध कराकर सामाजिक विकास के नए मानदंड स्थापित करना है।जनता के धन से कारोबार करने की परिपाटी अब नहीं चल पाएगी। हर साल युवाओं को परिचय से जुड़ी नई सौंगातें देने का प्रयास रहेगा। जैन समाज के जो जागरूक नागरिक पिछले 27 सालों से अधिक समय से अलख जगाए हुए हैं उन्होंने ही परिचय सम्मेलन को ढर्रे से बाहर निकालने का बीड़ा उठाया है। इस बार हम युवाओं को जो विकल्प उपलब्ध कराएंगे उससे जैन समाज का हर वर्ग लाभान्वित होगा। आयोजकों ने आगम और संतों की वाणी को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. जिसका जागरूक जैन समाज ने आगे बढ़कर स्वागत किया है।अब तक आई प्रविष्ठियों से साफ दिख रहा है कि जैन समाज सुधार के लिए हरदम तैयार रहता है।
    समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देश विदेश में फैले परिचय सम्मेलन के सहयोगियों ने जिन युवाओं की जानकारियां जुटाई हैं उन्हें पत्रिका में सहेजा जा रहा है। पंजीयन कराने और फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर तय की गई है। पत्रिका में जो लोग विज्ञापन प्रकाशित कराना चाहते हैं वे www.djpsbhopal.com पर आन लाईन फार्म जमा कर सकते हैं। इस वेवसाईट से फार्म डाऊनलोड भी किया जा सकता है। सम्मेलन में प्रत्याशियों का पदवार और व्यवसाय वार विवरण रहेगा। आनलाईन फार्म भरने पर बायोडाटा अपलोड करने की सुविधा दी गई है। 3 दिसंबर से 31 दिसंबर तक बायोडाटा आनलाईन सर्च करने की सुविधा भी रहेगी। मिलन स्मारिका रंगीन पृष्ठों में छापी जा रही है।
    सम्मेलन मेँ लम्बे समय से सक्रिय रहे अन्य सूत्र बताते हैँ कि इस परिचय सम्मेलन में जैन युवाओं को आधुनिक जानकारियां दी जा रही हैं।टोंग्या जी वाली समिति से पिछले चार सालों से आय व्यय की जानकारी सार्वजनिक करने की अपील की जा रही थी लेकिन कुछ लोग जानकारियां छुपा रहे थे.इसी वजह से जैन समाज ने ये परिचय सम्मेलन अपने हाथ में ले लिया है। टोंग्या जी वाले परिचय सम्मेलन के कोषाध्यक्ष श्री सेठी और अन्य पदाधिकारी लगभग पच्चीस लाख रुपए से अधिक के आय व्यय की जानकारियां नहीं दे पा रहे थे। कई पदाधिकारियों ने पत्नी के नाम चैक भुगतान करके रकम निकाली थी। कई चहेते लोगों को समिति के फंड से लैपटाप जैसी महंगी गिफ्ट दी गईं.तीन सालों से कोरोना कार्यकाल में आन लाईन परिचय सम्मेलन होने के बावजूद टैंट, भोजन, परिवहन और ठहरने के नाम पर रकम निकाल ली गई थी। समिति के धन से रियल इस्टेट का कारोबार शुरु कर दिया गया था और पैसा मार्केट में फंसा दिखाकर गड़प लिया गया.अब तक लगभग 60 लाख रुपए उड़ाए गए हैँ.25लाख का तो हिसाब प्रारंभिक जांच मेँ पकड़ा गया है.इन्हीं सब ग़ड़बड़ियों को देखते हुए समिति ने नए पंजीकरण के साथ युवाओं को कम कीमत में ज्यादा सुविधाएं दिलाने का फैसला लिया है। इस सम्मेलन में शामिल होने के बाद जैन समाज के लोग खुद समझ जाएंगे कि यदि नियत साफ हो तो किस तरह समाज को ऊंचाईयों पर ले जाया जा सकता है।

    उधर टोंग्या जी वाली समिति के इंजीनियर विनोद जैन का कहना है कि व्यय की जानकारी समिति के सदस्यों को दी गई थी लेकिन कुछ लोग उससे सहमत नहीं थे। उन्होंने अलग परिचय सम्मेलन शुरु कर लिया है।

  • किसान अब ऊर्जादाता भी बनेगाःगडकरी

    किसान अब ऊर्जादाता भी बनेगाःगडकरी

    भोपाल,7 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को निरंतर कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। अब मध्यप्रदेश कृषि उत्पादों का निर्यात भी करने लगा है। किसान अन्नदाता के साथ अब ऊर्जादाता भी बनेगा।

    केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी ने मंडला में मंडला और डिंडोरी जिले के लिए 1261 करोड़ रूपये लागत की 5 सड़क परियोजना का शिलान्यास किया। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि मंडला में प्रकृति का निवास है, यह रानी दुर्गावती की भूमि है तथा यहाँ कान्हा जैसा विश्व प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान है। जनजातीय कार्यों के विकास के लिए सड़कें अत्यंत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सड़क विकास के प्रस्तावों पर विस्तृत अध्ययन कर योजनाओं को स्वीकृति दी जाएगी।

    केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी ने देशभर में ऊर्जा के क्षेत्र में परिवहन मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई नई परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मध्यप्रदेश में परिवहन के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मंडला, डिंडौरी एवं अन्य जनजातीय क्षेत्रों में बाँस के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है। बाँस से भविष्य में इथेनॉल का निर्माण होगा, जिससे परिवहन एवं अन्य क्षेत्रों के लिए ऊर्जा पैदा की जा सकेगी। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कान्हा-बालाघाट क्षेत्र में सड़क विकास के लिए नए प्रोजेक्ट को ‘गति शक्ति योजना’ में शामिल करने की बात कही।

    मंडला-जबलपुर हाई-वे का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश

    केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी ने मंडला-जबलपुर हाई-वे के बारे में चर्चा की। उन्होंने हाई-वे निर्माण में गुणवत्ता से असंतुष्टि जाहिर की और मंडला एवं आसपास के क्षेत्र की जनता को सड़क से हुई परेशानी के लिए मंच से माफी मांगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पुराने कार्य को रिपेयर करें तथा सड़क के खराब हिस्से के निर्माण के लिए जल्द नया टेंडर जारी करें। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने आगामी वर्षों में अलग-अलग परियोजनाओं से सड़क एवं पुलों के विकास के बारे में चर्चा की।

    नर्मदा एक्सप्रेस-वे पर अध्ययन जारी

    केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा देश के सभी धार्मिक स्थानों तक पहुँचने के लिए लगातार बारह-मासी सड़कों का निर्माण जारी है। उन्होंने अमरकंटक से लेकर धार-झाबुआ तक नर्मदा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के संबंध में कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए मंत्रालय द्वारा अध्ययन जारी है। इस मार्ग के विकास से नर्मदा प्रदक्षिणा करने वाले श्रद्धालुओं को निश्चित रूप से लाभ होगा। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी भाषा में भी प्रारंभ करने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को सभी विद्यार्थियों की ओर से शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि गरीब एवं वंचित वर्गों तक विकास को पहुँचाना हमारा संकल्प है।

    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार चारों तरफ सड़कों के जाल बिछाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मंडला और डिंडोरी जिले के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई नई 5 सड़क परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि वर्ष 2003 के बाद प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 3 लाख किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़कें बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा उद्गम से लेकर धार-झाबुआ तक ’नर्मदा एक्सप्रेस-वे’ बनाने का प्रस्ताव है। ‘नर्मदा एक्सप्रेस-वे’ के दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्र के विकास का प्रयास किया जाएगा, जहाँ स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्योग लगाए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार विकास के कार्यों में कमी नहीं होने देगी। उन्होंने मंडला-डिंडौरी क्षेत्र में घर-घर पानी पहुँचाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सीएम जनसेवा अभियान में मंडला जिले में प्राप्त तथा स्वीकृत आवेदनों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल एक लाख 84 हजार 753 आवेदन में से एक लाख 56 हजार 944 को स्वीकृत किया जा चुका है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी से कान्हा क्षेत्र को मुख्य सड़क मार्गों से जोड़ने तथा नर्मदा सौन्दर्यीकरण और विकास के लिए नए प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मंडला जिले में नए सीएम राईज स्कूलों के संचालन, विशेष कोचिंग के माध्यम से नीट परीक्षा में जनजाति बहुल जिलों के विद्यार्थियों की सफलता तथा मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी माध्यम में शुरू किए जाने की जानकारी दी।

    15 नवंबर से लागू होगा ’पेसा एक्ट’

    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 नवंबर को प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसमें प्रदेश में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक समारोहपूर्वक अनेक कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवंबर से ही संपूर्ण प्रदेश में सामाजिक समरसता के साथ ’पेसा एक्ट’ भी लागू किया जाएगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के भूमि-पूजन के लिए जल्द मंडला आने की बात भी कही।

    सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास महाकौशल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का पल

    केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि पाँच सड़क परियोजना का शिलान्यास महाकौशल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का पल है। उन्होंने सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं सड़क परिवहन मंत्री श्री गडकरी का मंडला एवं डिंडोरी की जनता तथा स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की ओर से अभिनंदन किया। श्री कुलस्ते ने जबलपुर-नैनपुर बाईपास, कान्हा क्षेत्र को प्रमुख मार्गों से जोड़ने, नैनपुर-सिवनी हाई-वे, मंडला-लखनादौन के लिए नई परियोजनाओं की स्वीकृति का आग्रह किया।

    केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी विजनरी, दृष्टिवान तथा नवाचार के धनी

    प्रदेश के लोक निर्माण कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को नई सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने वर्ष 2014 के बाद से मध्यप्रदेश में सड़क एवं अन्य बड़ी परियोजनाओं के विकास कार्यों की जानकारी दी। मंत्री श्री भार्गव ने सड़क, पुलिया एवं फ्लाईओवर निर्माण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री गडकरी को विजनरी, दृष्टिवान एवं नवाचार का धनी बताया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्थानीय जन-प्रतिनिधियों ने कलगी-साफा पहना कर स्वागत किया। कार्यक्रम में 5 सड़क परियोजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने सड़क परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

    कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुश्री संपतिया उईके, विधायकगण सर्वश्री देवसिंह सैयाम, डॉ. अशोक मर्सकोले और श्री नारायण पट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमलेश टेकाम उपस्थित रहे।

  • मन को समझकर दूर करें चंद्रमा का बुरा प्रभाव

    मन को समझकर दूर करें चंद्रमा का बुरा प्रभाव



    भोपाल 06 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। चंद्रमा या उसके ग्रहण का मन पर असर पूरे व्यक्तित्व को झिंझोड़कर रख देता है। कुंडली के अध्ययन से हर व्यक्ति के लिए अलग लोकव्यवहार और जीवनचर्या निर्धारित की जा सकती है। इससे सामाजिक उन्नति की राह भी प्रशस्त की जा सकती है। देश को ऐसे ज्योतिषियों की जरूरत है जो मनोविज्ञानी भी हों। वे लोगों का मार्गदर्शन करें ताकि समाज में सुख शांति और समृद्धि की स्थापना की जा सके। ये विचार रविवार को भोपाल के केन्द्रीय संस्कृत संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रख्यात ज्योतिषी सुश्री हेमलता तिवारी ने व्यक्त किए। ये आयोजन ज्योतिष विचार मंच भोपाल की ओर से आयोजित किया गया था। इस अवसर पर देश भर से आए कई विद्वान ज्योतिषियों को सम्मानित भी किया गया।
    मानसिक रोगों पर चंद्रमा के असर का विश्लेषण करते हुए डॉ.हेमलता तिवारी ने कहा कि हमारे आसपास के लोगों के प्रति हमारा व्यवहार कुंडली में चंद्रमा की स्थितियों के अनुरूप निर्धारित होता है। यदि जातक का जन्म चंद्रमा की जिस स्थिति में हुआ है उसका व्यवहार उसी के मुताबिक होता है। हमारी मनोदशा से ही हमारे लोकव्यवहार निर्धारित होते हैं और यही भाग्य को संवारते भी हैं और बिगाड़ते भी हैं। समाज को बड़ी संख्या में ऐसे मनोविज्ञानी चाहिए जो ज्योतिष का मर्म समझते हों। जातक की कुंडली के अध्ययन से उसकी कई बीमारियों का निदान भी चुटकियों में किया जा सकता है।
    प्रोफेसर हंसराज ने कहा कि सूर्य की प्रतिनिधि आत्मा, और मन का प्रतिनिधि चंद्रमा लग्न के प्रतिनिधि शरीर के साथ मिलकर जीवन की दशा और दिशा तय करते हैं। आत्मा और मन राजा की तरह जीवन के आरोह अवरोह बनाते हैं। जो ग्रह हमारे जीवन पर असर डालते हैं हम केवल उन्हीं का अध्ययन कर पाते हैं। जैसे सूर्य और चंद्रमा का असर तो भौतिक जीवन पर स्पष्ट देखा जाता है लेकिन नवग्रहों और 27 नक्षत्रों के अध्ययन से कई समस्याओं का समाधान किया जाता है। ज्योतिष कर्म करने वाले साधक यदि अर्थलोलुपता के दुष्प्रभाव से बचे रहें तो इस विधा की शान दिन ब दिन बढ़ती जाएगी।


    इस अवसर पर प्रमुख संरक्षक एमएस श्रीवास्तव ने चिकित्सा ज्योतिष के विभिन्न आयामों के आधार पर बताया कि देश के कई राज्यों में गंभीर बीमारियों का इलाज ज्योतिषीय मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मंच के प्रमुख केसी कलानिधि ने कहा कि ज्योतिष शास्त्र में ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है जो लोगों को ठगते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कालसर्प दोष या तो होता है या नहीं होता लेकिन वह कभी आंशिक नहीं होता। जबकि कई ज्योतिषी भ्रांतियां फैलाकर लोगों को ठगने का काम करते रहते हैं।
    कार्यक्रम में न्यूसी समैया, राजेश सोनी, श्वेता विजयवर्गीय, पं.सुदर्शन लव पांडेय.समेत कई विद्वानों ने ज्योतिषीय घटनाओं पर प्रकाश डाला।