Tag: #VarunKapoor

  • एमपी को लुटा खजाना भरने वाले डीजीपी की तलाश

    एमपी को लुटा खजाना भरने वाले डीजीपी की तलाश

    वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नामों पर लगी थी निगाहें, अब पंकज श्रीवास्तव का नाम फिलर के रूप में किसने उछाला; कैलाश मकवाणा के कार्यकाल विस्तार की पहल ने बढ़ाया सस्पेंस

    भोपाल, 25 नवंबर। (प्रेस इंफॉर्मेशन सेंटर) मध्यप्रदेश पुलिस की कमान किसके हाथ में होगी, यह सवाल इन दिनों मंत्रालय से लेकर पुलिस मुख्यालय तक दिलचस्पी का विषय बना हुआ है। पुलिस महानिदेशक की कुर्सी ऐसी है जिस पर बैठने वाला अधिकारी केवल पुलिस विभाग का मुखिया नहीं होता, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस प्रशासन और सरकार की आंतरिक सुरक्षा संबंधी अपेक्षाओं का सबसे बड़ा जिम्मेदार चेहरा भी होता है। यही कारण है कि इस कुर्सी पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होते ही अधिकारियों के नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

    शुरुआत में कहानी सीधी दिखाई दे रही थी। 1991 बैच के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों वरुण कपूर, उपेंद्र कुमार जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नामों पर निगाहें टिकी थीं। संघ लोक सेवा आयोग की प्रक्रिया के बाद इन तीनों के नामों का पैनल राज्य सरकार को भेजे जाने की चर्चा सामने आई। माना जा रहा था कि अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इनमें से किसी एक नाम पर फैसला करना है। प्रशासनिक गलियारों में ये खबर सामने आई कि इनमें से किसी का नाम अब तक भेजा ही नहीं गया ।

    यहीं से नियुक्ति का गणित दिलचस्प हो गया। जिस अधिकारी को अगला डीजीपी बनाने की संभावना सबसे अधिक मानी जा रही थी, उसकी पात्रता पर ही सवाल खड़ा होने की स्थिति बनने लगी।

    तीनों वरिष्ठ दावेदारों में वरुण कपूर का नाम अपनी अलग पहचान रखता है। 1991 बैच के इस अधिकारी की शैक्षणिक पृष्ठभूमि इंजीनियरिंग की है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने जिला पुलिस से लेकर रेंज और पुलिस मुख्यालय तक कई जिम्मेदारियां निभाईं। धार, सीहोर और रतलाम जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक रहने के साथ उन्होंने उज्जैन और अन्य महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में भी काम किया है। वर्तमान में वे जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हैं।उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई पर वे मुख्यालय से बाहर थे और मुलाकात संभव नहीं हो पाई।एक दिसंबर तक यदि उनकी नियुक्त होती है तो अगले दो सालों के लिए वे डीजीपी बन सकते हैं।

    कपूर की पहचान केवल परंपरागत पुलिसिंग तक सीमित नहीं रही। साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने जागरूकता और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों में रुचि दिखाई। साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी सक्रियता और तकनीकी दृष्टिकोण उन्हें दूसरे अधिकारियों से अलग पहचान देते हैं। उनकी सार्वजनिक छवि ऐसे अधिकारी की बनती है जो पुलिसिंग में तकनीक और नए विचारों के उपयोग को महत्व देता है।

    लेकिन डीजीपी बनने के लिए केवल तकनीकी समझ पर्याप्त नहीं होती। प्रदेश के हर जिले की पुलिस पर नियंत्रण, राजनीतिक और प्रशासनिक दबावों के बीच निर्णय लेने की क्षमता, अधीनस्थ अधिकारियों से काम लेने का तरीका और कठिन परिस्थितियों में नेतृत्व का प्रदर्शन भी महत्वपूर्ण होता है। कपूर के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख है। उपलब्ध सेवा विवरण के अनुसार वे मई 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि नियुक्ति की प्रक्रिया आगे खिसकती है तो छह महीने की शेष सेवा संबंधी पात्रता उनके लिए निर्णायक हो सकती है।

    उपेंद्र कुमार जैन भी 1991 बैच के अधिकारी हैं। इंजीनियरिंग की पृष्ठभूमि रखने वाले जैन ने पुलिस सेवा में तकनीकी और प्रशासनिक दोनों प्रकार की जिम्मेदारियां निभाई हैं। पुलिस दूरसंचार और पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन जैसे संस्थानों में काम करने के बाद वे आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के महानिदेशक बने। यह पद उन्हें प्रदेश की आर्थिक अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और वित्तीय अपराधों से जुड़ी जांच व्यवस्था के केंद्र में रखता है।

    जानकारों का कहना है राज्य पर जो पांच लाख करोड़ रुपयों से अधिक का कर्ज बढ़ा है ई ओ डब्ल्यू में रहते हुए छानबीन में उन्होंने कोई रुचि नहीं दिखाई है।उनके भाई राज्य के एक बड़े उद्योगपति के सहयोगी हैं।ये घराना पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है

    इस पूरे मुकाबले में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम एक अलग महत्व रखता है। 1991 बैच की इस आईपीएस अधिकारी ने कला विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। पुलिस मुख्यालय और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कामकाज का अनुभव रखने के बाद वे वर्तमान में होमगार्ड एवं राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल की महानिदेशक हैं।

    उनकी नियुक्ति के साथ मध्यप्रदेश पुलिस में महिला नेतृत्व का एक महत्वपूर्ण अध्याय भी जुड़ा है। वे होमगार्ड संगठन की पहली महिला महानिदेशक बनीं। उन्हें 2012 में पुलिस पदक और 2021 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

    अब कहानी में पंकज श्रीवास्तव की भूमिका समझना जरूरी है। वे 1992 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में स्पेशल डीजी, सीआईडी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैंइसके बावजूद पंकज का नाम किसी उल्लेखनीय पहल के लिए नहीं जाना जाता है।उन्हें केवल अपनी कुर्सी बचाए रखने वाले अधिकारी के रूप में पहचाना जाता है।

    मामला यह है कि यदि मकवाणा को तीन महीने का सेवा विस्तार मिलता है और नई नियुक्ति की प्रक्रिया मार्च 2027 तक खिंचती है तो वरुण कपूर की सेवानिवृत्ति की तारीख के कारण उनकी पात्रता प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में नए पैनल या चयन प्रक्रिया में बदलाव की जरूरत पड़ सकती है।