Tag: #SBI

  • स्टेट बैंक की कछुआ ब्रांच में पेंशनधारकों का सम्मेलन

    स्टेट बैंक की कछुआ ब्रांच में पेंशनधारकों का सम्मेलन


    भोपाल, 20 अक्टूबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)।राजधानी के भारतीय स्टेट बैंक मुख्यालय स्थित कछुआ ब्रांच में सेवा निवृत्त वरिष्ठ जनों की पेशन समस्याओं के निवारण के लिए एक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ जनों को पेंशन प्रक्रिया में बचत करने और अनावश्यक राशि कटौती होने बचाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
    ब्रांच मैनेजर श्री ध्रुपद दवे ने शिविर में उपस्थित वरिष्ठ जनों को उन बैंकिंग प्रावधानों की जानकारियां दीं जिनसे किसी भी पेंशन धारक को बगैर परेशान हुए पेंशन प्राप्त करना सरल हो जाता है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ जन देश की किसी भी स्टेट बैंक शाखा में जाकर अपने जीवित होने का प्रमाण आसानी से दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ जनों को पेंशन संबंधी आदेशों के लिए पेंशन संचालनालय या सेवा निवृत्ति मंजूर करने वाली किसी भी संस्था से संपर्क करना पड़ता है। जब भारतीय स्टेट बैंक के पास पेंशन जारी करने का आदेश आ जाता है तो फिर बैंक बहुत ही सरल प्रक्रिया से पेंशन जारी कर देता है। ये पेंशन देश भर के किसी भी खाते से आसानी से निकाली जा सकती है।
    श्री ध्रुपद दवे ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक अपने पेशन धारकों की जीवन प्रक्रिया को विश्वसनीय तरीके से सहजता प्रदान करता है। इसके लिए बैंक समय समय पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए नई पेंशन योजनाएं भी लाता है।भारतीय स्टेट बैंक के पास देश के वरिष्ठ नागरिकों का विशाल नेटवर्क मौजूद है इसलिए बैंक अपने इन विशिष्ठ नागरिकों के लिए कई सुविधाएं भी प्रदान करता है। देश के लिए अपने जीवन का योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को निर्विघ्न सेवाएं मिलती रहें इसके लिए बैंक ने धैर्यवान कर्मचारियों की टीम तैनात कर रखी है। इससे हम हर पेंशन धारक की समस्याओं का पूरा समाधान कर पाते हैं।


    बैंक की ही बीमा योजना के जुड़े विस्तार अधिकारी श्री सचिन शुक्ला ने बताया कि बैंक ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए मासिक पेंशन योजना आरंभ की है।उन्होंने बताया कि स्मार्ट प्लेटिना प्लस योजना में कुल ग्यारह लाख रुपए की किस्तें जमा करने वाले नागरिकों को स्कीम पूरी होने पर पच्चीस लाख इंक्यानबे हजार सात सौ पचास रुपए वापस मिलते हैं। पंद्रह सालों तक 99450 रुपए की किस्तें पेंशन के रूप में प्राप्त होती हैं। एक अन्य स्मार्ट एन्युईटी प्लस योजना में वरिष्ठ जनों के बच्चों के लिए पांच साल वाली स्मार्ट फार्च्यून बिल्डर योजना भी चलाई जा रही है। इसकी विस्तृत जानकारी के लिए मोबाईल नंबर750970016 पर संपर्क किया जा सकता है।

  • हांगकांग में बैंकिंग का सिक्का जमाने वाले चंद्रशेखर शर्मा बने भोपाल सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक

    हांगकांग में बैंकिंग का सिक्का जमाने वाले चंद्रशेखर शर्मा बने भोपाल सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक

    भोपाल 1.जनवरी(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)।श्री चंद्रशेखर शर्मा के रूप में आज भारतीय स्टेट बैंक में एक नया अध्याय सामने आया है। चंद्रशेखर शर्मा ने आधिकारिक तौर पर आज भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य महाप्रबंधक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। देश के सबसे बड़े बैंक के भोपाल सर्किल में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों राज्य शामिल हैं।


    बैंकिंग क्षेत्र के लोग जानते हैं कि उन्होंने 1994 में एक परिवीक्षाधीन अधिकारी के रूप में अपनी पारी शुरु की थी। अपने शानदार दीर्घ कार्यकाल में उन्होंने लगातार 29 सालों तक बैंकिंग के विभिन्न कार्यों को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। हर सेवा का अनुभव हासिल करते हुए उन्होंने अपनी विशेषज्ञता को न केवल निखारा बल्कि बैंक को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में अपनी प्रतिभा का बहुमूल्य योगदान दिया है। आज भारतीय स्टेट बैंक की शाखाएं जिस तकनीकी पेशेवर कुशलता के साथ दूर दराज के इलाकों तक भी उपलब्ध हैं उसमें श्री शर्मा ने भी अपनी रचनात्मकता का योगदान दिया है।


    बैंकिंग का अनुपालन निरीक्षण हो या वाणिज्यिक ऋणों का रणनीतिक प्रबंधन, हर क्षेत्र में उन्होंने एक सख्त कार्यशैली का विकास किया और सेवाओं को कारगर बनाने में अपनी भूमिका निभाई है। अंतर्राष्ट्रीय एसबीआई की विदेशी शाखा में उनके कार्यकाल के दौरान कई ऐसे बैंकिंग मामले आए जिनसे भारत की अर्थव्यवस्था को संवारने में मदद मिली।

    इस नई जिम्मेदारी से पहले श्री शर्मा भुवनेश्वर मंडल के महाप्रबंधक रहे हैं। उनका ये कार्यकाल देश में नई आशाओं का संचार करता देखा गया। कॉव्लून शाखा में मुख्य परिचालन अधिकारी के रूप में उन्होंने हांगकांग में भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की।


    राजधानी के प्रधान कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी से कहा कि वे अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए सामाजिक समर्पण की मिसाल पेश करें। उन्होंने कहा कि संस्था और काम के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से हम जो गौरव हासिल करते हैं वह न केवल हमें बल्कि हमारे परिजनों और ग्राहकों के बीच प्रेरणा बनता है। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त कार्य वातावरण बनाने के लिए हमें खुद पहल करनी होगी तभी हम खुशहाल ग्राहक सेवा का माहौल बना पाएंगे और एक सामंजस्यपूर्ण कार्यसंस्कृति को अंजाम दे पाएंगे।


    इस अवसर पर बैंक के तमाम अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे। श्री कुंदन ज्योति, श्री अजितव पाराशर, श्री नीरज प्रसाद, श्री दीपक कुमार झा डीजीएम एवं सीरडीओ ने भी अपने विचार साझा किए। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी सकारात्मक नेतृत्व से पूरे संस्थान में नई ऊर्जा का संचार हो जाता है।

    प्रफुल्लित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए श्री चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि हम सभी मिलकर भारतीय स्टेट बैंक की सेवाओं को और भी ज्यादा जनोन्मुखी बनाने में सफल होंगे। हमारा लक्ष्य समाज की समृद्धि है जिसे हमें ग्राहकों के चेहरे पर मुस्कान लाकर संपन्न करना है।