Tag: #AvoidUnnecessaryMedication

  • बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    बेवजह दवा खाने से बचें,का संदेश देने निकाली गई जागरूकता रैली

    भोपाल, 20 नवंबर(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के तत्वाधान में मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल की ओर से आज “स्वस्थ भारत – एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के विरुद्ध संघर्ष” थीम पर एक विशाल जन-जागरूकता फार्मा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे एवं फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित की गई इस रैली में भोपाल के लगभग 50 फार्मेसी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 2,500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। भारत के सभी प्रदेशों में इस तरह के कार्यक्रम फार्मेसी कॉलेज आफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोंटू पटेल एवं उपाध्यक्ष श्री जसू चौधरजी के मार्गदर्शन में आयोजित कराए जा रहे हैं।

    रैली को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग एवं भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल कार्यालय, जे.पी. अस्पताल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिथियों ने अपने संक्षिप्त संबोधन में एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बचने, दवाओं के जिम्मेदार सेवन तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

    रैली प्रातः 10 बजे प्रारंभ होकर जे.पी. अस्पताल स्थित फार्मेसी काउंसिल कार्यालय से टी.टी. नगर स्टेडियम तक निकाली गई और दोपहर 12 बजे संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से नागरिकों को बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने, निर्धारित उपचार का पालन करने तथा दवाओं के दुरुपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की छात्र-छात्राओं में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जनता को जागरूककिया।

    रैली के संयोजक डॉ. संजय कुमार जैन, अध्यक्ष, मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल, डॉ. शैलेश जैन एवं डॉ. नीरज उपमन्यु, केंद्रीय परिषद सदस्य, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली, तथा डॉ. सुरेन्द्र कुमार जैन, निदेशक, लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. उमेश कुमार जैन, डॉ. सतीश नायक एवं डॉ. ए.के. सिंघई द्वारा किया गया।

    इस भव्य आयोजन ने फार्मेसी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जन-जागरण का प्रभावशाली संदेश दिया। रैली के माध्यम से यह आह्वान किया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदार उपयोग और जनसहभागिता ही स्वस्थ भारत के निर्माण एवं भविष्य में प्रभावी उपचार की सुरक्षा का आधार है। रैली के समापन पर परिषद के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह ने आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।