Tag: #AntimicrobialStewardship

  • मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    मानवसेवा का उपकरण है फार्मेसी का व्यवसाय:राजेंद्र शुक्ल

    भोपाल में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन

    एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध जागरूकता का संदेश, 70 संस्थानों के लगभग 1,500 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों की सहभागिता

    भोपाल, 23 नवंबर (प्रेस इन्फॉर्मेशन सेंटर)। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्यस्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में आयोजित हुआ।

    इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से मुकाबला” रखा गया। आयोजन में प्रदेश के लगभग 70 फार्मेसी शिक्षण संस्थानों से 1,200 विद्यार्थियों तथा 300 शिक्षकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

    कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन तथा आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय ने संबोधित किया।

    कार्यक्रम के राज्य समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र जैन ने स्वागत उद्बोधन एवं आयोजन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा सह-समन्वयक डॉ. अखिलेश कुमार सिंघई ने आभार व्यक्त किया।

    उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स को अपने कार्य का निर्वहन पूरी नैतिकता और एथिक्स के साथ करना चाहिए। जिस प्रकार डॉक्टर अपने दायित्व को एथिक्स से चलाते हैं और विधि क्षेत्र के प्रोफेशनल्स अपने कार्य को नैतिक मूल्यों से चलाते हैं, उसी प्रकार यदि फार्मासिस्ट भी अपना कार्य करें तो यह प्रोफेशन भी उतना ही नोबल और सम्मानजनक है। उन्होंने कहा कि दवा केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि रोगी के जीवन से जुड़ा विश्वास है।

    खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि हम विकसित भारत का निर्माण तभी कर सकते हैं, जब हमारा समाज स्वस्थ हो। स्वस्थ समाज के लिए दवाओं का सही उपयोग, जागरूकता और फार्मासिस्टों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल डिग्री तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के स्वास्थ्य रक्षक के रूप में कार्य करें।

    पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल ने फार्मासिस्टों के रजिस्ट्रेशन के लिए सिंगल पोर्टल की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने क्लिनिकल फार्मासिस्ट के रूप में कार्य करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।

    डॉ. पटेल ने कहा कि एक फार्मासिस्ट पेशेंट काउंसलर के रूप में कार्य कर सकता है और समाज में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) जैसी जटिल वैश्विक समस्या को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने राज्य फार्मेसी काउंसिल और केंद्रीय फार्मेसी काउंसिल के मिलकर कार्य करने की सराहना भी की।

    नए भवन के निर्माण के लिए आभार: डॉ. संजय जैन

    मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय जैन ने राज्य फार्मेसी काउंसिल के नए भवन के निर्माण की घोषणा के लिए सरकार और पीसीआई को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नया भवन फार्मेसी शिक्षा, पंजीयन और व्यावसायिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

    कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण के रूप में “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से मुकाबला” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित हुई।

    पैनल चर्चा के मॉडरेटर डॉ. विपिन धोटे, निदेशक, वीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, भोपाल रहे। पैनलिस्ट के रूप में डॉ. राजनारायण तिवारी, निदेशक, आईसीएमआर-एनआईआरएचई, भोपाल, डॉ. विजय भार्गव, विभागाध्यक्ष, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, जवाहरलाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, भोपाल, डॉ. अपूर्ब एल. कोनेर, प्रोफेसर, आईआईएसईआर, भोपाल, डॉ. संजीत सिंह लांबा, टेक्निकल कंसल्टेंट एवं एमडी, ट्रिलियम कंसल्टिंग एंड एडवाइजरी, चंडीगढ़ तथा प्रो. दीप्ति जैन, निदेशक, स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, आरजीपीवी, भोपाल ने भाग लिया।

    चर्चा में विशेषज्ञों ने AMR को गहराई से समझाया। उन्होंने कहा कि आज AI का उपयोग करके पढ़े-लिखे लोग भी कई बार बिना समझे एंटीमाइक्रोबियल दवाओं का उपयोग कर AMR को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। एंटीबायोटिक को सामान्य दवा समझकर लेना भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

    इस अवसर पर उपस्थित सभी बडिंग फार्मासिस्ट और फार्मेसी प्रोफेशनल्स ने शपथ दिलाई कि जब तक आवश्यकता न हो, तब तक वे किसी भी एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। बिना प्रिस्क्रिप्शन के एंटीमाइक्रोबियल का उपयोग नहीं करेंगे और जन-जन को AMR के प्रति जागरूक करने के लिए जो भी संभव होगा, वह करेंगे।

    प्रो. दीप्ति जैन ने कहा कि अब समय थ्योरी से प्रैक्टिकल की ओर बढ़ने का है। एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स का उपयोग थ्योरेटिकल ज्ञान तक सीमित न रखकर प्रैक्टिकल रूप से समझदारी से करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हम अपना कार्य एथिक्स और ईमानदारी से प्रैक्टिकली करें तो जनजागरण का यह कार्य न केवल AMR से बचाएगा, बल्कि नए एंटीमाइक्रोबियल एजेंट्स और एंटीबायोटिक्स को लंबे समय तक समाज में उपयोगी बनाए रखेगा।

    विशेषज्ञ सत्र में एम्स भोपाल के डॉ. सागर खडंगा ने भी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती पर व्याख्यान दिया। पैनल चर्चा में संक्रमण नियंत्रण, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता, फार्मा क्विज, विशेषज्ञ संवाद, प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित हुईं।

    आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आमजन को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना तथा *सुरक्षित दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में परामर्श और एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका* को रेखांकित करना रहा।

    फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश राज्य फार्मेसी काउंसिल का यह संयुक्त प्रयास स्वस्थ भारत के निर्माण तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जीवनरक्षक एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रोफेसर अमित दुबे ने किया।