नीट का प्रश्नपत्र लीक होना देश की परीक्षा व्यवस्था पर एक गंभीर माना जाना चाहिए। करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा में यदि कहीं भी संगठित अपराध ने सेंध लगाई है तो उसके दोषियों के प्रति कोई नरमी नहीं हो सकती। इस मामले में केंद्र सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपी, अनेक राज्यों में छापेमारी हुई, गिरफ्तारियां हुईं, आरोपपत्र दायर हुए और परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इसके साथ ही लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 जैसे कठोर कानून को लागू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए गए। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य केवल इस प्रकरण का समाधान नहीं, बल्कि वर्षों से पनप रहे परीक्षा माफिया को संदेश देना था कि अब उनके लिए पहले जैसी परिस्थितियां नहीं रहेंगी।
लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, यह मुद्दा केवल परीक्षा की निष्पक्षता का प्रश्न नहीं रहा। वह शीघ्र ही राष्ट्रीय राजनीति का विषय बन गया। संसद से लेकर सड़क तक विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। दिल्ली में धरने हुए, संसद मार्ग पर प्रदर्शन हुए और कई स्थानों पर पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव भी देखने को मिला। यह लोकतंत्र का स्वाभाविक दृश्य हो सकता है, परंतु प्रश्न यह है कि क्या आंदोलन का पूरा केंद्र विद्यार्थियों का भविष्य था, या उसके साथ-साथ राजनीतिक लाभ-हानि का गणित भी जुड़ गया था? आखिर राजनीतिक दलों के वो कौन लोग थे जो अपने बच्चों (ग्राहकों) को देश की प्रतिष्ठित नौकरियों में प्रवेश करवाने के लिए अड़ीबाजी पर उतर आए ।
यह स्वीकार करना होगा कि जिन विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा दी थी, उनके मन में संदेह पैदा होना स्वाभाविक था। यदि कहीं प्रश्नपत्र लीक हुआ है तो वे निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की अपेक्षा करेंगे। इसलिए छात्रों की चिंता और उनकी आवाज को लोकतांत्रिक अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए। किंतु जब किसी भी आंदोलन में राजनीतिक दल, उनके छात्र संगठन और वैचारिक मंच सक्रिय हो जाते हैं, तब आंदोलन का स्वरूप व्यापक राजनीतिक संघर्ष का रूप भी ले लेता है। नीट विवाद में भी यही हुआ।
सरकार का पक्ष था कि उपलब्ध जांच और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत सामग्री यह सिद्ध नहीं करती कि पूरे देश की परीक्षा प्रभावित हुई थी। इसी आधार पर सरकार ने संपूर्ण परीक्षा रद्द करने का विरोध किया। बाद में सर्वोच्च न्यायालय ने भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे देश में पुनर्परीक्षा का आदेश नहीं दिया। न्यायालय ने यह अवश्य कहा कि जहां अपराध हुआ है वहां दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, किंतु पूरे देश के लाखों ईमानदार अभ्यर्थियों को बिना पर्याप्त आधार के पुनः परीक्षा के लिए बाध्य करना उचित नहीं होगा।
यहीं से राजनीतिक बहस और तेज हुई। विपक्ष ने इसे सरकार की प्रशासनिक विफलता बताया। सरकार समर्थकों का तर्क था कि पहली बार संगठित परीक्षा माफिया पर राष्ट्रीय स्तर पर इतनी व्यापक कार्रवाई हो रही है, इसलिए जिन नेटवर्कों के हित प्रभावित हुए हैं, वे भी इस विवाद को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रहे हैं। यह एक राजनीतिक तर्क है, परंतु इसका निर्णायक निष्कर्ष तभी निकाला जा सकता है जब जांच पूरी हो और उसके आधार पर ठोस प्रमाण सामने आएं।
दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग भी चर्चा का विषय बना। पुलिस का कहना था कि निषेधाज्ञा वाले क्षेत्रों में प्रवेश रोकना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी संवैधानिक जिम्मेदारी थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनकी लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति पर अंकुश लगाया गया। लोकतंत्र में दोनों पक्षों की जिम्मेदारियां हैं—प्रशासन की भी और आंदोलनकारियों की भी। यदि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे तो बल प्रयोग की आवश्यकता नहीं पड़ती, और यदि प्रतिबंधित क्षेत्रों में टकराव की स्थिति बने तो पुलिस भी निष्क्रिय नहीं रह सकती।
इस पूरे विवाद का एक और महत्वपूर्ण पक्ष है, जिस पर अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई। भारत में प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ जुड़े संगठित गिरोह कोई नई घटना नहीं हैं। विभिन्न राज्यों में, अलग-अलग सरकारों के समय, भर्ती परीक्षाओं और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक के अनेक मामले सामने आ चुके हैं। इसका अर्थ है कि समस्या किसी एक सरकार तक सीमित नहीं, बल्कि एक लंबे समय से विकसित हुए अपराध तंत्र की है। यदि इस तंत्र को वास्तव में समाप्त करना है तो केवल राजनीतिक आरोपों से नहीं, बल्कि तकनीकी सुरक्षा, संस्थागत सुधार, त्वरित न्याय और कठोर दंड से समाधान निकलेगा।
नीट विवाद ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली पर जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। जांच की गति तेज हो, मुकदमे समयबद्ध हों, दोषियों को दंड मिले और परीक्षा एजेंसियों में पारदर्शिता बढ़े—यही वह रास्ता है जिससे विद्यार्थियों का भरोसा लौटेगा। दूसरी ओर, विपक्ष की भूमिका भी केवल विरोध तक सीमित न होकर रचनात्मक सुधारों के सुझाव देने की होनी चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम से सबसे बड़ा सबक यही मिलता है कि परीक्षा व्यवस्था को राजनीतिक संघर्ष का स्थायी मैदान बनाने से सबसे अधिक नुकसान विद्यार्थियों का होता है। परीक्षा माफिया के विरुद्ध कार्रवाई और छात्रों के हित—इन दोनों उद्देश्यों में कोई टकराव नहीं है। टकराव तब पैदा होता है जब राजनीतिक विमर्श तथ्यों की जगह धारणाओं पर आधारित होने लगता है।
अंततः किसी भी लोकतांत्रिक समाज की कसौटी यही है कि वह अपराधियों को कठोर दंड दे, निर्दोष विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करे और संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखे। नीट विवाद का वास्तविक निष्कर्ष भी इसी कसौटी पर तय होगा—न कि केवल इस आधार पर कि किसने कितने प्रदर्शन किए या किसने कितने आरोप लगाए।

Leave a Reply