दावोस के आर्थिक शिखर सम्मेलन में साझेदारी करेगा इंडो-यूरोपियन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री


भोपाल, 24 अप्रैल(प्रेस इंफार्मेशन सेंटर)। स्विटजरलैंड के दावोस में आगामी 29 जून से एक जुलाई तक आयोजित होने वाले यूरोप-एशिया आर्थिक शिखर सम्मेलन (EAES)2026 में राजधानी की स्वयंसेवी संस्था इंडो-यूरोपियन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (IECCI) को आधिकारिक साझेदार नियुक्त किया गया है। आईईसीआई की इस बड़ी भूमिका की वजह से भारतीय उद्यमों के लिए यूरोपीय बाजार, पूंजी और रणनीतिक साझेदारियों तक सीधी पहुंच का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस शिखर सम्मेलन से भारत के लधु और मध्यम उद्यमों, स्टार्ट अप्स, कार्पोरेट और अन्य हितधारकों के लिए पूरी दुनिया में नए अवसर उपलब्ध होंगे।


सीमा पार व्यापारिक सौदों और उच्च स्तरीय आर्थिक सहयोग के प्रमुख मंच के रूप में (EAES)2026 में यूरोप और एशिया के अग्रणी वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी ,निवेशक, नीति निर्माता और नवाचार कर्ता शामिल होंगे। इस सम्मेलन में IECCI एक चुने हुए भारतीय व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेगा। इसका उद्देश्य भारत और यूरोप के बीच अंतर्राष्ट्रीय निवेश,तकनीकी सहयोग, और सप्लाई चेन जोड़ने को बढ़ावा देना होगा।
EAES 2026 में IECCI की साझेदारी भारतीय उद्यमों और इकोसिस्टम के भागीदारों के लिए एक मजबूत वैश्वक अवसर उपलब्ध करा रही है। हम अंतर्राष्ट्रीय पूंजी, रणनीतिक सहयोग और यूरोप के मूल्यवान बाजारों तक सीधी पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। ये केवल भागीदारी ही नहीं बल्कि ठोस व्यावसायिक परिणामों और दीर्घकालिक वैश्विक पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह शिखर सम्मेलन आने वाले दशक के प्रमुख उद्योगों पर केन्द्रित है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स, जिनमें ह्यूमनॉईड रोबोटिक्स, एंटरप्राईज एआई और इंफास्ट्रक्चर सिस्टम शामिल हैं। ग्रीन टेक्नालाजी और सतत नवाचार जैसे नवकरणीय ऊर्जा, क्लाईमेट टेक और एआई आधारित ऊर्जा समाधान भी शामिल हैं।
इस सम्मेलन को असरकारी व्यावसायिक नतीजों के लिए तैयार किया गया है। इसमें यूरोपीय निवेशकों, खरीददारों और रणनीतिक साझेदारों के साथ पूर्व निर्धारित बैठकें होंगी जिनमें आमने सामने संवाद की प्रक्रिया से विचार विमर्श होगा। अब तक वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए यूरोपीय बाजारों और सीमापार सहयोग माडल ने जो प्रयास किए हैं उन पर नए सिरे से चर्चा होगी। इस सम्मेलन में पैनल चर्चाओं के साथ एैसे मंच भी शामिल होंगे जो औद्योगिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की भी भागीदारी होगी। इस सम्मेलन में उद्योग वित्त और नीति क्षेत्र के तीन सौ से अधिक वैश्विक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधा संवाद संभव हो पाएगा।
इस सम्मेलन से विकास में भागीदारी करने वाले लघु और मध्यम उद्योग, और निर्यात बढ़ाने मेंजुटे उद्यम अपनी भागीदारी कर पाएंगे। जो तकनीकी स्टार्ट अप्स वैश्विक बाजार की तलाश कर रहे हैं उन्हें एक मंच पर सारी जानकारियां मिल सकेंगी। भारत के जो कार्पोरेट यूरोपीय बाजार में अपना माल बेचना चाहते हैं उनके लिए ये सम्मेलन एक प्रवेश द्वार साबित होगा। निवेशक, इन्क्यूबेटर, इकोसिस्टम सहयोगी, उद्योग संघ और संस्थागत हिस्सेदार सभी इस आयोजन में अपनी प्रमाणिकता साबित कर पाएंगे।


इंडो यूरोपियन चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री IECCI भारत और यूरोप के बीच एक रणनीतिक सेतु के रूप में कार्य करता है। इसका उद्देश्य व्यापार, विस्तार ,निवेश सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा देना है। अपने वैश्विक प्लेटफार्म और रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से IECCI भारतीय उद्यमों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार नीति नेटवर्क और प्रभावशाली व्यावसायिक मौकों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *